February 27, 2026

आहार, निद्रा व ब्रह्मचर्य के नियम पूर्वक पालन से मिलेगी निरोगी काया : डॉ. नागेन्द्र शर्मा

0 मरवाही में नि:शुल्क मधुमेह, ब्लड प्रेशर, जांच चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर में 57 मरीज हुए लाभान्वित
0 पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित छत्तीसगढ प्रांत के ख्यातिलब्ध चिकित्सक नाड़ीवैद्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा ने दी अपनी चिकित्सकीय सेवायें

कोरबा।
स्वामी विवेकानंद जयंती व राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी को पतंजलि आरोग्य केंद्र मरवाही, शिवम मेडिकल मरवाही एवं लायंस क्लब एवरेस्ट (096456) के तत्वावधान में इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ लायंस क्लब्स डिस्ट्रिक्ट 3233 सी के डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट अवेयरनेस ऑफ डायबिटीज के अंतर्गत चलो आयुर्वेद की ओर मिशन के तहत नि:शुल्क मधुमेह, ब्लड प्रेशर, जांच चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन मरवाही में किया गया। शिविर का शुभारंभ शुक्रवार को लायंस क्लब एवरेस्ट के सचिव चिकित्सक लायन डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा, पतंजलि आरोग्य केंद्र, शिवम मेडिकल मरवाही के संचालक जोखुलाल गुप्ता, चलो आयुर्वेद की ओर मिशन के सदस्य नेत्रनंदन साहू तथा अश्विनी बुनकर, फार्मासिस्ट आयुष गुप्ता एवं शिविरार्थियों ने स्वामी विवेकानंद, भारत माता एवं आयुर्वेद प्रवर्तक भगवान धनवन्तरी के पूजन के साथ किया।
शिविर में मधुमेह रोगियों की ब्लड शुगर की नि:शुल्क जांच के साथ शिविरार्थीयों को आहार-विहार , दिनचर्या-ऋतुचर्या के विषय में विस्तार से बताते हुए मधुमेह पर नियंत्रण एवं इससे मुक्ति हेतु नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श के साथ साथ नि:शुल्क औषधि भी प्रदान की गई। शिविर में अपनी चिकित्सकीय सेवायें दे रहे चिकित्सक लायन डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा ने युवाओं एवं शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आयुर्वेद में जिस प्रकार से शरीर को धारण करने हेतु वात-पित्त-कफ प्रधान स्तम्भ है, उसी प्रकार हमारे शरीर को स्वस्थ और मजबूत बनाने के लिये आयुर्वेद में आहार, निद्रा एवं ब्रह्मचर्य ये तीन उपस्तम्भ बताये गये हैं। ये तीनों हमारे दोषों वात,पित्त एवं कफ को संतुलित रखने में मदद करते हैं। अत: हमें अपने आहार, अपनी निद्रा और ब्रह्मचर्य अर्थात इन्द्रियों पर नियंत्रण रखना चाहिये जिससे हम हमेशा युवा रह सकेंगे। वर्तमान में जो लाइफ स्टाइल जनित रोग हो रहे हैं, न केवल उनसे बचे रहेंगे, अपितु पूर्व की लापरवाही से रोगग्रस्त भी हो गये हों तो उनसे रोगमुक्त भी हो सकेंगे और निरोगी तथा युवा रहेंगे। शिविर में पहुंचे रोगियों ने नि:शुल्क रक्त शर्करा के जांच के साथ-साथ चिकित्सा परामर्श , औषधि, आहार विहार की जानकारी तथा योग प्राणायाम का प्रशिक्षण प्राप्त कर प्रसनता व्यक्त करते हुए अपने रोग पर नियंत्रण तथा इससे मुक्ति के प्रति विश्वस्तता का भाव प्रकट करते हुए आयोजकों तथा चिकित्सकों को धन्यवाद एवं साधुवाद दिया। शिविर से 57 मरीज लाभान्वित हुए। शिविर में लायन डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा, पतंजलि आरोग्य केंद्र, शिवम मेडिकल मरवाही के संचालक जोखुलाल गुप्ता, चलो आयुर्वेद की ओर मिशन के सदस्य नेत्रनंदन साहू तथा अश्विनी बुनकर, फार्मासिस्ट आयुष गुप्ता, अपेक्षा गुप्ता, गोटु मिश्रा, धीरज सिंह पोटाम एवं हेतराम चौधरी ने विशेष रूप से उपस्थित होकर अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

ranjan photo
Admin

Spread the word