February 27, 2026

मोरगा में मिली ग्रामीण की लाश, शरीर पर चोट के निशान

0 हादसा या हत्या पुलिस कर रही जांच पड़ताल
कोरबा।
बस स्टैण्ड में संचालित होटल के बगल में एक लाश बरामद होने से इलाके में सनसनी व्याप्त रही। उक्त शव की पहचान कोरबा जिले के दूरस्थ लेमरू थाना अंतर्गत ग्राम कांटाद्वारी निवासी बंधन अगरिया के रूप में हुई है जो मोरगा में निवासरत रिश्तेदार मोती के यहां रहता था। वह मजदूरी कर अपने परिवार का जीवन-यापन करता था। मामला हत्या है या हादसा इसकी पुलिस गुत्थी सुलझा रही है।
मोरगा के बस स्टैंड में सतीश होटल के बगल में लाश बरामद हुई है। सूचना उपरांत मोरगा पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर मौका-मुआयना करते हुए शव को बरामद किया। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान और खून के धब्बे मौजूद हैं एवं शरीर के पिछले हिस्से में पीठ, कूल्हा, दोनों पैर बुरी तरह से छिले हुए हालत में जख्मी पाए गए हैं। इस मामले में जहां आशंका जताई जा रही है कि बंधन अगरिया की हत्या करके शव को फेंका गया है, वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पंचनामा बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और आवश्यक पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मृतक मोरगा क्षेत्र में सड़क हादसे का शिकार हुआ था, ऐसी बात प्रारंभिक तौर पर पता चली है। मामला दर्ज कर विभिन्न दृष्टिकोण से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।

ranjan photo
Admin

Spread the word