March 17, 2026

मौसम खुलते ही झुलसाने लगी गर्मी तापमान में 4 डिग्री का हुआ इजाफा

कोरबा। जिले में कुछ दिनों पहले बदली और हल्की बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आई थी। मौसम सुहाना हो गया था। रविवार को मौसम साफ हो गया। इसी के साथ तापमान में इजाफा दर्ज किया गया है। सुबह से सूर्य की तेज किरणें निकली। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया। तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
जिले में बदली की वजह से मौसम में उतार-चढ़ाव के तापमान में तीन डिग्री इजाफा दर्ज किया गया है। तेज धूप की वजह से लोगों को काफी परेशानी हुई। वहीं मौसम विभाग ने एक सप्ताह के भीतर तापमान 40 डिग्री से ऊपर जाने की संभावना जताई जा रही है। सुबह लगभग साढ़े नौ बजे तापमान 37 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। वातावरण गर्म होने की वजह से हवा लोगों को झुलसाने लगी है। इस कारण दोपहर में मुख्य मार्गो पर लोगों की चहल-पहल कम रही। शाम के बाद बाजार गुलजार हुआ। मौसम विभाग ने रविवार को अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री दर्ज किया है। वहीं न्यनूतम तापमान में भी इजाफा के साथ 23.6 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने वाली है। इससे तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इससे गर्मी और तेज होगी। मौसम में उतार-चढ़ाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को चिकित्सकों की ओर से दोपहर में तेज धूप के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दे रहे हैं। जरूरी कार्य से बाहर निकलने पर सिर, कान और चेहरे को कपड़े, स्कार्फ से ढंककर रखने की बात कही जा रही है। ताकि तेज धूप का असर कम हो। साथ ही लोगों को खाने-पीने पर सावधानी बरतने की बात कह रहे हैं।

ranjan photo
Admin

Spread the word