March 17, 2026

रामनवमीं पर्व पर मंदिरों में हुई विशेष पूजा अर्चना, निकली शोभायात्रा

0 भगवान राम की भक्ति में सराबोर रहा नगर
कोरबा। रामनवमीं पर्व जिले भर में हर्षोल्लास से मनाया गया। शहर में भक्ति में कार्यक्रम आयोजित किए गए। राम कथा से जुड़ी विविध झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रही। राम जन्म के अवसर पर आतिशबाजी कर राम जन्म के प्रतीक भगवान राम के बाल रूप की पूजा अर्चना की गई। भए प्रकट कृपाला गीत के साथ मंदिरों में स्तुतिगान की गई।

इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। भवानी मंदिर में भी रामनवमीं पर्व का उत्साह से आयोजन किया गया। बालको राम मंदिर में भी उत्सव का उल्लास रहा। जिले के अन्य मंदिरों में भी विविध आयोजन किए गए। महाराणा चौक स्थित राम जानकी मंदिर में विशेष पूजा आराधना की गई। रामनवमी का पर्व कोरबा शहरी क्षेत्र के अलावा कटघोरा, पाली, छुरी, कुसमुंडा, हरदीबाजार, जमनीपाली, करतला, पोंड़ी उपरोड़ा सहित विभिन्ना क्षेत्रों में मनाई गई। श्री गुजराती समाज व जलाराम सेवा समिति के तत्वाधान में संत श्री जलाराम मंदिर परिसर में रामनवमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही मंदिरों में श्रीराम धुन और भजन किया गया। भगवान श्रीराम की महाआरती के बाद चौक चौराहा सहित मंदिर परिसर में महाप्रसाद का वितरण किया गया। विश्व हिंदू परिषद ने प्रभु श्रीराम जी की शोभायात्रा गायत्री मंदिर टीपी नगर से शहर के विभिन्न मार्गो से गुजरी शोभायात्रा का भक्तों ने जगह-जगह स्वागत किया। यात्रा में शामिल भगवान की विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। यात्रा में शामिल भक्त जय श्रीराम के नारों के साथ ही डीजे पर झूमते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा का समापन सत्यदेव मंदिर कोरबा में किया गया सभी सदस्य सपरिवार शोभायात्रा में शामिल हुए।

ranjan photo
Admin

Spread the word