March 17, 2026

प्रभू राम का ननिहाल है छत्तीसगढ़ : योगी आदित्यनाथ

0 कोरबा की जनसभा में जमकर गरजे यूपी के मुख्यमंत्री, कहा- कांग्रेस ने घोटाले ही घोटाले किए
कोरबा।
छत्तीसगढ़ की कोरबा सीट से सरोज पांडेय चुनावी मैदान में हैं, लिहाजा भाजपा ने यहां अपने सभी दिग्गज नेताओं को चुनाव प्रचार पर लगा दिया है। रविवार को उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कोरबा के सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज कुछ पत्रकारों ने उनसे पूछा कि आप छत्तीसगढ़ जा रहे हैं क्या कहेंगे? तो मैंने कहा छत्तीसगढ़िया सबसे बढ़िया। छत्तीसगढ़ प्रभू राम का ननिहाल है। माता कौशल्या का मायका है। इसलिए रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का सबसे ज्यादा उल्लास कहीं था तो छत्तीसगढ़ में था। ऐसा कौन है जिसे ननिहाल अच्छा नहीं लगता। हमारे लिए भी यह ननिहाल है। 10 साल में हमने बदलते भारत को देखा है। एक ऐसा भारत जिसका विश्व में सम्मान बढ़ा है। आज के भारत की सीमाएं सुरक्षित हैं। आज का भारत आतंकवाद और नक्सलवाद के सामने घुटने नहीं टेकता है। 2014 के पहले किसान आत्महत्या करता था। जवान पलायन करता था। बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। आतंकवादी कहीं भी घुसकर बम विस्फोट करते थे। अब कुछ भी होता है तो पाकिस्तान पहले सफाई दे देता है कि हमने कुछ नहीं किया। उसे पता है कि अगर किसी भी धमाके में पाकिस्तान का हाथ आया तो भारतीय सेना घर में घुसकर प्रहार करेगी।
योगी ने कहा कि, मोदीजी 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन का लाभ दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी बीजेपी के शासन में मुफ्त चावल मिल रहा है। कांग्रेस के राज में जनता भूखे मरती थी। पाकिस्तान की 23 करोड़ की आबादी भी अभी भूखे मर रही है। कांग्रेसी तो कमीशन खाने के आदी हैं। उनकी कमीशनखोरी को लगाम लगाने के लिए पीएम मोदी ने जन-धन अकाउंट खोले हैं। दिल्ली और रायपुर से अगर पैसा आपको भेजा जाएगा तो उसमें कोई कांग्रेसी दलाल डकैती नहीं डाल पाएगा।
योगी ने कहा, 12 करोड़ किसानों को सम्मान निधि का लाभ, 12 करोड़ शौचालय का निर्माण, 10 करोड़ महिलाओं को आर्थिक स्वावलंबन के साथ जोड़ने का काम बीजेपी ने किया। 10 करोड़ गरीब परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन का काम बीजेपी ने किया। छत्तीसगढ़ में भूपेश सरकार ने किसी गरीब का मकान नहीं बनाया। अब छत्तीसगढ़ में बीजेपी सरकार 18 लाख गरीबों को एक-एक आवास उपलब्ध कराएगी। एक तरफ फ्री में राशन, दूसरी तरफ कांग्रेस ने घोटाले पर घोटाला किया। शराब, कोयला यहां तक की गोबर में भी उन्होंने घोटाला कर दिया। कांग्रेस ने भगवान को भी नहीं छोड़ा महादेव एप के नाम पर भी घोटाला कर दिया। कांग्रेस न सुरक्षा दे सकती है न विकास की बड़ी परियोजना ला सकती है। इनका तो नक्सलवाद के साथ भी आंतरिक समझौता था। कैसे सांठगांठ करते थे ये किसी से छिपा नहीं है। जिन नौजवानों के हाथ में टेबलेट व रोजगार होना चाहिए था उनके हाथ में कांग्रेस ने तमंचे थमा दिए। समाज को बांटने का काम कांग्रेस करती है।
सभा को भाजपा प्रत्याशी सरोज पांडेय व मंत्री लखन लाल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, ननकी राम कंवर, जोगेश लंबा, विकास महतो, संतोष देवांगन, देवेंद्र पांडे, अशोक चावलानी, मनोज शर्मा, टिकेश्वर राठिया, पवन गर्ग, संजय भावनानी, ज्योतिनंद दुबे, हितानंद अग्रवाल, गोपाल मोदी, मनोज मिश्रा, पंकज सोनी सहित भाजपा कार्यकर्ता काफी संख्या में उपस्थित रहे।

ranjan photo
Admin

Spread the word