March 27, 2026

भीषण गर्मी में नहीं थम रही ट्रेनों की लेटलतीफी, शिवनाथ के समय में भी सुधार नहीं

0 यात्रा करना साबित हो रहा कष्टकारी, लोगों में आक्रोश
कोरबा।
भीषण गर्मी में ट्रेन की यात्रा करना मुश्किल साबित हो रहा है। तय समय से कई घंटे देरी से ट्रेनें चल रही हैं। ऐसी कोई ट्रेन नहीं है जो समय पर चल रही हो। इससे यात्रियों का आक्रोश भड़कने लगा है।
ट्रेनों की लेटलतीफी से सफर करना यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। शिवनाथ एक्सप्रेस के निर्धारित समय पर ट्रेन के परिचालन में सुधार नहीं हो रहा है। गाड़ी हर दिन घंटों विलंब से कोरबा पहुंच रही है। शक्रवार को भी गाड़ी 2.45 घंटे की देरी से कोरबा स्टेशन पहुंची थी। इसका कोरबा आने का निर्धारित समय सुबह 8.55 बजे है, जबकि यह गाड़ी 11.40 बजे पहुंची थी। यह सिलसिला लगातार जारी है। कोरबा की एक ट्रेन के समय में सुधार होने पर दूसरी गाड़ी की लेटलतीफी शुरू हो जाती है। इस कारण यात्रियों को जहां स्टेशन में घंटों इंतजार करना पड़ता है तो दूसरी तरफ गंतव्य स्थान तक पहुंचने में विलंब हो रही है। शनिवार को कोरबा से रवाना होकर अमृतसर जाने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से पांच घंटे देरी से कोरबा रेलवे स्टेशन से छूटी। इस गाड़ी का कोरबा से रवाना होने निर्धारित समय सुबह 11.33 बजे है, जबकि यह शाम साढ़े चार बजे के बाद रवाना हुई। इससे लंबी दूरी तक सफर करने वाले यात्रियों को सबसे अधिक असुविधा हो रही है।
बताया जा रहा है कि कई यात्री ट्रेन के छूटने के निर्धारित समय पर कोरबा स्टेशन पहुंच गए थे, लेकिन रैक कोरबा नहीं पहुंची थी। सुबह वाली बिलासपुर-कोरबा पैसेंजर बिलासपुर से साढ़े सात की बजाय काफी विलंब से रवाना हुई। इस कारण गाड़ी सुबह 10 बजे की बजाय दोपहर तीन बजे के बाद पहुंची। यही ट्रेन कोरबा से छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस बनकर रवाना होती है। इस कारण यात्रियों को ट्रेन के छूटने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। हालांकि जब यात्री स्टेशन पहुंचे तो उन्हें गाड़ी के पांच घंटे देरी से रि-शेड्यूल होने की जानकारी दी गई। लेकिन उपनगरीय व ग्रामीण क्षेत्र से आने-वाले यात्रियों को फिर घर से वापस स्टेशन आने में काफी दिक्कतें होती है। इस कारण उन्होंने स्टेशन पर ही बैठकर इंतजार करना पड़ा। गर्मी में समस्या और बढ़ गई है।

ranjan photo
Admin

Spread the word