March 27, 2026

उत्पाती युवकों पर कार्रवाई करने निगम ने पुलिस को लिखा पत्र

0 अप्पू गार्डन की घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया आयुक्त ने, घटना की पुनरावृत्ति न हो इस हेतु सभी एहतियाती कदम उठाने के दिए निर्देश
0 घटना के समय पुलिस का एक जवान सहित निगम के तीन गार्ड व अधिकारी-कर्मचारी संभाल रहे थे व्यवस्थाएं, सैकड़ों की संख्या में उत्पाती युवक बाउंड्रीवाल फांद कर घुसे गार्डन में

कोरबा।
रविवार को सीएसईबी चौक स्थित विवेकानंद उद्यान (अप्पू गार्डन) में उत्पाती युवकों द्वारा घटित की गई घटना को संज्ञान में लेते हुए निगम द्वारा पुलिस को इन युवाओं व असामाजिक तत्वों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने हेतु पत्र लिखा गया है। वहीं आयुक्त प्रतिष्ठा ममगाई ने घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए घटना की पुनरावृत्ति न हों, इस हेतु सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाने तथा सुरक्षा व्यवस्था और अधिक दुरूस्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
यहां उल्लेखनीय है कि नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा आमनागरिकों की सुविधा हेतु विवेकानंद उद्यान में वेवपूल का संचालन पिछले कई वर्ष से सुचारू रूप से किया जा रहा है, वेवपूल दो पाली में संचालित होता है। प्रथम पाली में परिवार एवं महिलाओं के लिए तथा द्वितीय पाली में पुरुष वर्ग के लिए संचालित करने की व्यवस्था की गई है। रविवार 12 मई को अन्य दिवसों की भांति वेवपूल का संचालन सुचारू रूप से चल रहा था, प्रथम पाली समाप्त होने के पश्चात दूसरी पाली का संचालन पुरुष वर्ग के लिए प्रारंभ कर दिया गया था, इसी बीच सैकड़ों की संख्या में उत्पाती युवकों एवं असामाजिक तत्व उद्यान की बाउंड्रीवाल को फांद कर अंदर घुसे तथा आपस में लड़ाई झगड़ा व गाली-गलौज करते हुए मारपीट व उद्यान में तोड़फोड़ करने लगे। उद्यान में उपस्थित पुलिस का एक जवान सहित निगम के तीन गार्ड युवाओं को संभालने की कोशिश की किन्तु युवाओं की तादात सैकड़ों में थी। घटना को देखते हुए उद्यान की व्यवस्था संभाल रहे सहायक अभियंता विपिन मिश्रा ने तत्काल घटना की सूचना सीएसईबी पुलिस चौकी को दी। सूचना पाकर पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे तथा उत्पाती युवकों को वहां से खदेड़ा, स्थिति को सामान्य कराया।

ranjan photo
Admin

Spread the word