July 4, 2024

नियमों का उड़ा रहे माखौल, बिना ढंके हो रहा कचरा परिवहन

कोरबा। शहर में लंबे समय से विभिन्न स्थानों से एकत्र कचरे को ट्रैक्टरों के माध्यम से डंपिंग यार्ड तक खुले में ही ले जाया जा रहा है। शहर को साफ-सुथरा रखने व स्वच्छता सर्वेक्षण में रैंक हासिल करने के संकल्प लेकर इसके लिए कवायद की जा रही है। बावजूद इसके अब भी शहर का कचरा ट्रैक्टर में बिना ढंके ही ले जाया जा रहा है। यह कहीं न कहीं स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान की सफलता पर प्रश्न चिन्ह लगा रहा है। नियमानुसार कचरे का खुला परिवहन नहीं किया जा सकता। इसे किसी बंद वाहन या ढककर ले जाना चाहिए, लेकिन नगर निगम की ओर से इसकी अनदेखी की जा रही है और रोजाना ट्रैक्टरों से कचरे को बिना ढंके ही डंपिंग यार्ड तक ले जाया जा रहा है।
कचरे को बिना ढंके ले जाने से शहर की स्वच्छता खराब होती है। कई बार खुले वाहन से कचरा उड़कर सड़क पर बिखरता रहता है, जिससे शहर की सड़कों पर गंदगी होती है। वहीं वाहन में पड़े कचरे से उड़ती बदबू से भी लोगों खासकर ट्रैक्टर के पीछे चलने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शहर में रोजाना विभिन्न स्थानों से ट्रैक्टरों के माध्यम से कचरे को डंपिंग यार्ड तक ले जाया जाता है। यह ट्रैक्टर सुबह और दोपहर में कचरे का परिवहन करते हैं। इस दौरान इनसे कचरा गिरकर गंदगी का कारण बनता है। यदि शहर को स्वच्छ रखना है तो कचरे से भरे ट्रैक्टर को ढंककर ले जाना होगा, ताकि कचरा उड़कर सड़कों पर न फैले और बदबू का कारण न बने।

Spread the word