March 27, 2026

जंगली सूअर के हमले से ग्रामीण घायल

0 पहली बार आया आबादी क्षेत्र में, दोनों हाथ को काटा
-विनोद उपाध्याय

कोरबा (हरदीबाजार)।
सबह दूध दुह कर गाय को चारा देने पैरा लेने बाड़ी गए ग्रामीण पर एक जंगली सूअर ने हमला कर दिया। सूअर ने ग्रामीण के दोनों हाथ की उंगली को काट लिया। ग्रामीण को परिजनों ने उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया है।
जानकारी के अनुसार हरदीबाजार कॉलेज पीछे मलगांव (कैंप) निवासी दिलराज सिंह तंवर (58) शासकीय ग्राम्य भारती महाविद्यालय में कार्यरत है। रोज की तरह शनिवार सुबह लगभग 6.30 बजे वे गाय का दूध दूह कर गाय को बाहर बाड़ी में पैरा खिलाने के लिए निकाल रहा था। इसी दौरान एक जंगली सूअर कॉलेज के पीछे लगे नर्सरी की तरफ से तेज गति से दौड़ते हुए आया। दिलराज कुछ कर पाता इससे पहले सूअर ने उस पर हमला कर दिया। दिलराज अपनी जान बचाने जंगली सूअर से भिड़ गया। इस दौरान सूअर ने अपने मुंह से दिलराज के दोनों हाथ की उंगलियों को बुरी तरह काट लिया। हमले के बाद सूअर कॉलेज के पीछे नर्सरी की ओर भाग गया। तब जाकर दिलराज घर पहुंचा। परिजनों ने स्थित देख हरदीबाजार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर भर्ती कराया, जहां उसका उपचार किया गया। इस संबंध में दीपका वनपरिक्षेत्र के डिप्टी रेंजर संतोष रात्रे का कहना है कि ग्राम मालगांव निवासी दिलराज सिंह तंवर को एक जंगली सूअर ने हमला कर दोनों हाथों को काटने का सूचना मिली है। उपचार के लिए तत्काल शासन की ओर से 500 रुपये दिया गया है। पीड़ित की ओर से आवेदन ले लिया गया है। उपचार में जो खर्च होगा, उक्त राशि शासन की ओर से प्रदान की जाएगी।
ज्ञात हो कि रेंकी, अंडीकछार, नेवसा जंगल जो हरदीबाजार से लगा हुआ है। इनका क्षेत्र कटरा, अद्राली, चोढ़ा, खोंदरा जंगल से जुड़ा हुआ है। जंगली सूअर, बंदर, हिरन बीच-बीच में आबादी क्षेत्र में भोजन-पानी की तलाश के साथ-साथ शिकारियों के जाल से बचकर भटकते हुए पहुंच जाते हैं। तब जानवर और इंसान के बीच ऐसी जंग हो जाती है। यह पहली मर्तबा है जब घनी आबादी क्षेत्र में कोई जंगली सूअर आया और इंसान पर हमला किया। यह पाली व दीपका वनपरिक्षेत्र अंतर्गत आता है।

ranjan photo
Admin

Spread the word