March 31, 2026

पसान रेंज में हाथियों ने मचाया उत्पात, तोड़ा मकान

कोरबा। जिले के कटघोरा वनमंडल अतंर्गत केंदई व एतमानगर रेंज के बाद अब हाथियों ने पसान रेंज में उत्पात मचाना शुरू कर दिया है। रात बीजाडांड़-बरदापखना के रास्ते अचानक धमके लोनर हाथी ने यहां ग्राम मोहनपुर में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान लोनर ने भारत सिंह नामक एक ग्रामीण के घर को न केवल निशाना बनाते हुए ढहा दिया, बल्कि वहां रखे धान व अन्य अनाज को चट करने के साथ घरेलू समानों को भी नुकसान पहुंचाया है। पीड़ित ग्रामीण द्वारा सूचना दिए जाने पर वन विभाग का अमला सुबह मौके पर पहुंचा और रात में लोनर द्वारा किए गए नुकसानी का आकलन करने के साथ रिपोर्ट तैयार की।
जानकारी के अनुसार लोनर हाथी का उत्पात गांव में काफी देर तक चला इस दौरान ग्रामीण डर के मारे अपने घरों मेें दुबके रहे। मोहनपुर में उत्पात मचाने के बाद लोनर सुबह होने से पहले पसान बीट में स्थित कोसाबाड़ी पहुंच गया। लोनर को यहां सुबह विश्राम करते हुए देखा गया। लोनर हाथी इस समय उनके सर्किल में है। वन अमला उसकी निगरानी कर रहा है। आसपास गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सर्तक करने का काम शुरू कर दिया गया है। उधर केंदई रेंज के लालपुर व कापानवापारा मेंं हाथियों का दो दल विचरणरत है। ये दल यहां काफी दिनों से डेरा जमाए हुए है। दल में मौजूद हाथी दिन भर जंगल व पहाड़ में रहता है। शाम होने पर नीचे उतरकर पानी पीने के बाद पुन: वापस चला जाता है। एतमानगर रेंज के पचरा क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में हाथी घूम रहे हैं, जो फिलहाल शांत हैं। इस बीच कोरबा वनमंडल के कुदमुरा रेंज में एक लोनर हाथी की एंट्री धरमजयंगढ़ वनमंडल से हुई है। लोनर कल रात कुदमुरा की सीमा पर प्रवेश किया अब और जंगल के रास्ते जिल्गा पहुंचकर यहां के जंगल में डेरा डाल दिया। हाथी के जिल्गा पहुंचने की सूचना पर वन अमला मौके पर पहुंचकर उसकी निगरानी में जुट गया है।

ranjan photo
Admin

Spread the word