कटघोरा कॉलेज रोड के गड्ढे को लेकर भाजपा नेता राजेश यादव ने उठाई आवाज, प्रभारी मंत्री अरुण साहू को सौंपा ज्ञापन

कटघोरा। कॉलेज के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे को लेकर भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के बिलासपुर संभाग सह प्रभारी राजेश यादव ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन के प्रभारी मंत्री अरुण साहू को इस मामले की जानकारी देते हुए लोक निर्माण विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
राजेश यादव ने बताया कि कटघोरा-कोरबा मार्ग के मुख्य हिस्से में, कॉलेज के पास सड़क किनारे मिट्टी कटने से बड़ा गड्ढा बन गया है, जिससे राहगीरों और छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी हो रही है। गड्ढे के कारण कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है, लेकिन लोक निर्माण विभाग अब तक मौन बना हुआ है। यादव ने चेतावनी दी है कि यदि पांच दिन के भीतर गड्ढे को नहीं पटवाया गया, तो वह चक्काजाम करेंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए पूरी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग कटघोरा की होगी। भाजपा नेता ने इस मुद्दे को लेकर लोक निर्माण मंत्री, नगरीय प्रशासन विभाग एवं प्रभारी मंत्री अरुण साहू को भी अवगत कराया है और त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।