रक्षाबंधन पर मितानिनों का विरोध प्रदर्शन, रायपुर में देंगे धरना
कोरबा । भाई-बहन के अटूट प्रेम के पर्व रक्षाबंधन पर इस बार मितानिन अपने घर नहीं, बल्कि रायपुर में धरना स्थल पर होंगी। भाजपा सरकार पर चुनावी वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कोरबा जिले की 3,000 से अधिक मितानिन राजधानी में प्रदर्शन करने के लिए रवाना होंगी।

मितानिनों का आरोप है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में “मोदी की गारंटी” के तहत भाजपा ने वादा किया था कि मितानिन, मितानिन प्रशिक्षक, हेल्प डेस्क फैसिलिटेटर एवं ब्लॉक कोऑर्डिनेटर को एनएचएम में शामिल किया जाएगा, उनके वेतन क्षतिपूर्ति में 50% वृद्धि होगी और ठेका प्रथा समाप्त की जाएगी। लेकिन सरकार बनने के दो साल बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

मितानिन प्रतिनिधियों का कहना है कि एनएचएम कार्यालय में चार-पांच बार बैठकें हुईं, मगर किसी सक्षम अधिकारी ने ठोस निर्णय नहीं लिया, जिससे वार्ता विफल रही। उनका आरोप है कि भाजपा सरकार दिल्ली के एक एनजीओ को मितानिन कार्यक्रम सौंपने की तैयारी कर रही है, जिससे प्रदेश भर की मितानिनों में नाराज़गी है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से कई बार संपर्क करने के बावजूद समाधान न मिलने पर मितानिनों ने रक्षाबंधन के दिन भी आंदोलन का रास्ता चुना है। उनका कहना है कि यह कदम मजबूरी में उठाना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
