March 26, 2026

माखनपुर की महिलाओं ने संभाली समाज सुधार की कमान


0 गांव को नशा मुक्त बनाने के लिए शुरू किया जागरूकता अभियान

पाली । ग्राम माखनपुर की महिलाओं ने गांव को नशे की बुरी लत से बचाने के लिए मोर्चा खोल दिया है। नशे के बढ़ते प्रकोप से चिंतित महिलाओं ने संकल्प लिया है कि अब गांव को पूरी तरह नशा मुक्त बनाया जाएगा। इसके लिए उन्होंने जागरूकता अभियान की शुरुआत कर दी है।
महिलाओं का कहना है कि गांव में छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक नशे की चपेट में आ रहे हैं, जिससे न केवल स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है बल्कि परिवार और संस्कार भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा अब चुप बैठने का समय नहीं है। आने वाली पीढ़ी को बचाने के लिए हर हाल में नशे को गांव से बाहर करना होगा। गांव की महिला सरपंच प्रेमलता ने कहा कि यदि आज कदम नहीं उठाया गया तो कल पूरा समाज अंधकार में डूब जाएगा।

उन्होंने लोगों से नशे के खिलाफ एकजुट होने की अपील की। इस अभियान के तहत महिलाएं रैली, नारेबाजी, घर-घर जाकर समझाइश, पोस्टर, स्लोगन और नुक्कड़ नाटक के जरिए जागरूकता फैलाएँगी। इस अवसर पर चौकी प्रभारी असरफ खान, सरपंच प्रेमलता, सचिव धीरसाय यादव, उपसरपंच सुधवार सिंह मरकाम, कोतीमा देवी सलाम, लहराज, पुन्नू सोनी, महेश राम पोर्ते, पंचराम कर्मों, रामजी सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने नशा मुक्त गांव बनाने का संकल्प लिया। माखनपुर की महिलाओं का यह अभियान अब सिर्फ गांव तक सीमित न रहे, बल्कि आसपास के गांवों में भी फैलाने की योजना है। उन्होंने शासन-प्रशासन से भी सहयोग की अपील की है ताकि इस आंदोलन को और मजबूती मिल सके।

ranjan photo
Admin

Spread the word