March 26, 2026

जिले में डीएपी व यूरिया की किल्लत, कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग

कोरबा। जिले की सहकारी समितियों में अभी भी डीएपी और यूरिया खाद की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इसकी वजह से किसानों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। मजबूरन किसान निजी विक्रेताओं से डीएपी 2200 रुपये प्रति बैग और यूरिया 1200 रुपये प्रति बैग तक खरीदने को विवश हैं।
इस मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। प्रदेश संगठन मंत्री आनंद सिंह ने आरोप लगाया कि कृत्रिम कमी दिखाकर किसानों को निजी विक्रेताओं से महंगे दामों पर खाद खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिससे दलालों और सप्लायर्स को फायदा पहुंचाया जा रहा है।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही पर्याप्त आपूर्ति नहीं की गई तो किसानों की फसल प्रभावित होगी और कर्जदार किसान आत्महत्या जैसी स्थिति के लिए मजबूर होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। आम आदमी पार्टी ने कहा कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो वह किसानों के साथ मिलकर सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word