February 25, 2026

सीएएफ जवान ने सर्विस रायफल से चाचा ससुर व साली को उतारा मौत के घाट


कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कोरबा प्रवास के बीच बुधवार सुबह हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम मौहाडीह में उस समय सनसनी फैल गई, जब ड्यूटी में लगे सीएएफ जवान टेकराम बिंझवार ने अपने चाचा ससुर और उनकी साली को सर्विस रायफल से गोली मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी जवान की पोस्टिंग बांगो 13वीं बटालियन में है और वह मुख्यमंत्री की सुरक्षा ड्यूटी में भी शामिल था। लेकिन सुबह अचानक अपने ससुराल पहुंचकर उसने पहले 19 वर्षीय मंदासा बिंझवार पर तीन राउंड फायर किया। गोली लगने से मंदासा की मौके पर मौत हो गई। इसके बाद आरोपी की मुलाकात चाचा ससुर राजेश बिंझवार से हुई और उस पर भी ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य कमरों में छिप गए। घटना के तुरंत बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपी जवान को गांव के नर्सरी के पास से हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी जवान और उसकी पत्नी के बीच पिछले एक साल से अलगाव की स्थिति बनी हुई थी। पारिवारिक विवाद ही इस दुर्दांत घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। दोनों मृतकों के शवों को भिलाई बाजार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रखा गया है। मुख्यमंत्री साय कोरबा प्रवास के दौरान कलेक्टर कार्यालय में मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल थे। इसी बीच इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। सूत्र बताते हैं कि गांव के लोग अभी भी थाना परिसर को घेर कर आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस द्वारा समझाइए देकर गांव वालों को शांति व्यवस्था बनाने अपील की है मामला न्यायालय का है इसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word