अग्रसेन कन्या महाविद्यालय में छत्तीसगढ़ स्थापना पर परिचर्चा का आयोजन

कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना पूर्ण होने पर श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में रजत जयंती समारोह सप्ताह की शुरुआत परिचर्चा कार्यक्रम से हुई। छत्तीसगढ़ के पच्चीस वर्षों की विकास यात्रा विषय पर आयोजित इस परिचर्चा का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को राज्य की गौरवशाली धरोहर और उपलब्धियों से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना और राज्यगीत के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय शिक्षण समिति के अध्यक्ष सुनील जैन एवं प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार झा की उपस्थिति रही। मुख्य वक्ता के रूप में हेमंत माहुलिकर प्रदेश महामंत्री, संस्कार भारती और विवेक लांडे सेवानिवृत्त प्राचार्य शामिल हुए।

श्री माहुलिकर ने छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान किया। वहीं श्री लांडे ने छत्तीसगढ़ के गठन से पूर्व की परिस्थितियों और राज्य के विकास में लागू की गई योजनाओं की जानकारी दी। परिचर्चा में इतिहास, जनजातीय संस्कृति, साहित्य, कला, पर्यावरण, पर्यटन, उद्योग एवं शिक्षा जैसे विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के समापन पर विभागाध्यक्ष डॉ. पी.एस. पैकरा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक डॉली एन. शंकर सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों और प्रशिक्षार्थियों का विशेष योगदान रहा।