February 24, 2026

मां सर्वमंगला के दरबार में नवरात्रि की गूंज, मनोकामना ज्योत जलवाने विदेश से भी आते हैं श्रद्धालु


कोरबा। आदिशक्ति मां जगदंबा की उपासना का महापर्व शारदीय नवरात्र 22 सितम्बर से आरंभ हो रहा है। इस अवसर पर कोरबा की प्रथम आराध्य देवी मां सर्वमंगला के दरबार में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। हरदेव नदी के तट पर स्थित लगभग 124 वर्ष पुराने इस मंदिर में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था जुड़ी है।
नवरात्रि में यहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में मनोकामना ज्योति कलश जलाने की परंपरा विशेष रूप से प्रसिद्ध है। मान्यता है कि यहां प्रज्वलित की गई हर ज्योति से भक्तों की इच्छाएं पूर्ण होती हैं। यही वजह है कि न सिर्फ छत्तीसगढ़ और देश के विभिन्न हिस्सों से, बल्कि विदेशों से भी लोग आकर मां के दरबार में ज्योत जलवाते हैं।


मंदिर के पुजारी मयंक और नमन पांडे ने बताया कि अब तक तेल ज्योति कलश के लिए करीब 3500 और घृत ज्योति कलश के लिए 4000 रसीदें कट चुकी हैं। इसमें नीदरलैंड और अमेरिका से भी भक्तों ने रसीद कटवाई है। हर साल नवरात्रि के दौरान यहां लगभग 10 हजार मनोकामना ज्योति प्रज्वलित की जाती हैं।
मां सर्वमंगला मंदिर नवरात्रि के अवसर पर भव्य आस्था और श्रद्धा का केंद्र बन जाता है। आस्था का यह उत्सव न केवल कोरबा बल्कि पूरे प्रदेश और देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को जोड़ता है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word