February 25, 2026

श्री सर्वेश्वरी समूह का 65वां स्थापना दिवस: मानव सेवा और सद्भावना का संदेश


बालकोनगर। छत्तीसगढ़ के मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि श्री सर्वेश्वरी समूह के सेवा कार्य अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय हैं। बालकोनगर दैहानपारा स्थित अवधूत आश्रम में आयोजित समूह के 65वें स्थापना दिवस समारोह में उन्होंने कहा कि अघोरेश्वर भगवान राम का मार्ग मानवता को सत्य और सद्भावना के मार्ग पर ले जाता है। उन्होंने सभी से पूज्य बाबा की कृपा पाने की पात्रता विकसित करने और परस्पर सहयोग व मानव सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर बालकोनगर के वार्ड क्रमांक 42 के पार्षद और अवधूत भगवान राम सेवाश्रम के पदाधिकारी सत्येंद्र दुबे ने कहा कि जीवन के प्रत्येक क्षण का सदुपयोग निर्माण और रचनात्मक कार्यों में करना चाहिए और निःस्वार्थ भाव से जरूरतमंदों की सेवा सबसे बड़ी पूजा है। समारोह में कोरबा जिला भाजपा उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी सहित अनेक जन प्रतिनिधि उपस्थित थे।
समूह के शाखा मंत्री संतोष शांडिल्य ने बताया कि सर्वेश्वरी समूह की स्थापना जरूरतमंदों की सेवा हेतु हुई है और समूह का उद्देश्य पूरी दुनिया को एक परिवार के रूप में देखना है। समूह के 19 सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत आश्रम प्रांगण से प्रभात फेरी निकाली गई, श्रद्धालुओं ने सफलयोनि पाठ किया और शहर के सभी मंदिरों, मस्जिदों, चर्च व गुरुद्वारों में झाड़ू वितरण किया गया।

संध्या में भजन-कीर्तन और विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें अशोक सिंह, मनीष शांडिल्य, आलोक शर्मा, कृषानु दास, अशोक कुमार, गुलाब राणा, सेवक सिंह क्षत्रिय, रामायण सूर्यवंशी, राधेश्याम कुंभकार, राजकुमारी देवांगन, विमला क्षत्रिय, अलका सिंह, हेमलता शांडिल्य, बिंदु दुबे, कुसुम शर्मा, सुश्री ज्योति शर्मा ने उत्कृष्ट योगदान दिया।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word