March 17, 2026

बालकोनगर में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अवैध अतिक्रमण हटाया गया

बालकोनगर। जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को बालकोनगर क्षेत्र में सख्त कार्रवाई करते हुए मिनीमाता चौक के समीप हुए अवैध अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान बालकोनगर थाना पुलिस मौके पर मौजूद रही। जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में मिनीमाता चौक और नेहरू नगर क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से निर्माण कार्य कर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण को हटाया और आगे इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि अराजक तत्वों द्वारा व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए बालको के स्वामित्व वाली भूमि पर कब्जे की कोशिशें की जा रही थीं। ऐसे लोगों को पहले भी नोटिस जारी किए गए थे, परंतु चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण जारी रहा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण या अतिक्रमण पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से शांति और सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है ताकि आगामी कार्रवाइयाँ बिना किसी विवाद के संपन्न हो सकें।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word