नेताओं के कटआउट ढोने में लापरवाही पर निगम में हड़कंप, तीन अधिकारी 48 घंटे में देंगे जवाब

कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव को लेकर नगर निगम प्रशासन में लापरवाही का मामला सामने आया है। ओपन थिएटर में 2 से 4 नवम्बर तक होने वाले राज्योत्सव कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, श्रम मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के कटआउट्स को पशु ट्राली में ढोए जाने की घटना सामने आने पर निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया।
इस पूरे प्रकरण को लेकर महापौर संजू देवी राजपूत ने गहरी नाराजगी जताई और इसे घोर प्रशासनिक लापरवाही बताया। उनके निर्देश पर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से 48 घंटे के भीतर जवाब मांगा है। आयुक्त ने स्पष्ट कहा है कि जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया है कि यह दूसरी बार है जब ऐसा कृत्य हुआ है। इससे पहले 11 सितंबर को भी नेताओं के कटआउट्स को पशु ट्राली में ढोया गया था, तब संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी गई थी। दोबारा वही गलती दोहराए जाने पर प्रशासन सख्त हो गया है। निगम के उप अभियंता अश्विनी दास को राज्योत्सव स्थल पर होर्डिंग लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जबकि स्वच्छता निरीक्षक रविंद्र थवाईत पशु ट्राली (काऊ कैचर) वाहन के प्रभारी हैं और उप अभियंता अभय मिंज निगम के वाहन शाखा की मॉनिटरिंग करते हैं। तीनों की जानकारी में ही पशु ट्राली से कटआउट्स का परिवहन किया गया, जिसे कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही माना गया है।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों के सम्मान से जुड़ी ऐसी लापरवाही अस्वीकार्य है। भविष्य में किसी भी प्रकार की अवमानना या गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली घटना हुई तो संबंधित पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।