March 25, 2026

दीपका कॉलोनी में आधी रात हंगामा, मारपीट का मामला दर्ज


कोरबा। दीपका स्थित एसईसीएल आवासीय परिसर में आधी रात को पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कोल अफसर पति ने अपनी पत्नी के घर एक युवक को देखा, जिसके बाद हंगामा मच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कोल अफसर वर्तमान में अपने बेटे के साथ शहर में अलग रहते हैं, जबकि उनकी पत्नी दीपका कॉलोनी में निवास करती है। देर रात किसी परिचित ने अफसर को सूचना दी कि उनकी पत्नी के आवास के नीचे एक स्कूटी खड़ी है। सूचना मिलते ही अफसर अपने बेटे के साथ रात करीब 12:30 बजे पत्नी के घर पहुंचे। दरवाजा खटखटाने पर पत्नी बाहर आई और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। जब पति ने घर के अंदर किसी के होने की बात पूछी, तो उसने बात टाल दी। इस बीच बेटा घर के भीतर गया, जहां एक युवक मौजूद मिला। उसकी पहचान दीपका–पाली रोड स्थित डेंटल क्लिनिक चलाने वाले डॉक्टर के रूप में हुई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आधी रात को हुए इस हंगामे से कॉलोनी में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह मामला शांत कराया।
घटना के बाद दोनों पक्ष दीपका थाना पहुंचे। विवाहिता ने भी अपने पति के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word