तराईडांड में 10 लाख की डकैती, हथियारबंद बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर लूटा घर

0 पीडि़त परिवार ने बेटी की शादी के लिए बनवाए थे आभूषण
कोरबा। बालको थाना क्षेत्र के सोनगुड़ा पंचायत अंतर्गत तराईडांड गांव में हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। देर रात करीब डेढ़ बजे लगभग 15 से 20 नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में धावा बोला और परिवार को बंधक बना लिया। जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने हथियार के बल पर घर में रखे गहने, नकदी और कीमती सामान लूट लिए। परिवार की बेटी की शादी कुछ दिनों में होने वाली थी, जिसके लिए घर में दान-दहेज के गहने और नकदी रखी गई थी। डकैत पूरा माल समेटकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार के मुताबिक, करीब 10 लाख रुपये की लूट हुई है।
परिजनों ने बताया कि सभी बदमाश चेहरे पर नकाब और हाथों में दस्ताने पहने हुए थे। वे इतने संगठित तरीके से डकैती कर रहे थे कि कोई सबूत मौके पर न छूटे, इसका पूरा ध्यान रखा गया। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से एक तलवार और रस्सियां बरामद की हैं, जिनसे परिवार को बांधा गया था।
0 सायबर सेल कर रही ट्रैकिंग
डकैत घर से मोबाइल फोन भी साथ ले गए हैं। पुलिस अब मोबाइल की लोकेशन ट्रैकिंग के माध्यम से बदमाशों का सुराग तलाश रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लूटे गए फोन को शहर के अलग-अलग हिस्सों में ऑन किया गया है। पुलिस को संदेह है कि वारदात के बाद आरोपी विभिन्न दिशाओं में बंटकर भागे हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं। जिस पेशेवर तरीके से डकैती की गई, उससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि वारदात में स्थानीय या परिचित लोगों की संलिप्तता हो सकती है।