कर्मचारियों के धरने के बीच पाली धान केंद्र में खरीदी जारी, प्रशासन ने किसानों को दिया भरोसा

पाली। सहकारी समिति के कर्मचारी, प्रबंधन और कंप्यूटर ऑपरेटर अपनी चार सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर चले गए हैं, इसके बावजूद प्रशासन ने धान खरीदी व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए हैं। पाली धान उपार्जन केंद्र में 30 क्विंटल धान की खरीदी की गई, जिससे किसानों को राहत मिली। करतली के किसान धनंजय कुमार जब अपना धान लेकर केंद्र पहुंचे, तो प्रशासन की ओर से उनका फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि धान खरीदी किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होने दी जाएगी और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। पाली एसडीएम रोहित एवं तहसीलदार भूषण सिंह मडावी ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। कर्मचारियों के धरने के बावजूद खरीदी व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार रखी गई है, ताकि किसानों को समय पर उचित मूल्य मिल सके। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल, जनप्रतिनिधि, पटवारी कमल पैकरा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने किसानों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनके हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगा।