स्वामी आत्मानंद विद्यालय में बाल दिवस पर बाल मेले का आयोजन

हरदीबाजार । स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय उतरदा में बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि के रूप में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल शामिल हुए। उनके साथ सरपंच प्रतिनिधि सुन्दर सिंह मरावी, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति सेजेस उतरदा के अध्यक्ष समोस सागर, उपसरपंच राकेश जायसवाल, एसएमसी अध्यक्ष उत्तर कुमार खुसरो, विनोद कुमार डहरिया, संतोष कुमार मरावी व ऋषिकेश चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना तथा विद्यालय के प्राचार्य जी.पी. लहरे के नेतृत्व में अतिथि सम्मान के साथ हुई। बाल मेले में विद्यार्थियों ने अपने पारंपरिक कौशल का प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ी स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए, जिनका सभी अतिथियों एवं अभिभावकों ने स्वाद लिया और बच्चों की सराहना की। आयोजन विद्यालय के चारों सदनों द्वारा, उनके सदन प्रभारियों एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्राचार्य ने बताया कि बाल मेले का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता एवं सांस्कृतिक समझ को बढ़ाना है। कार्यक्रम की सभी ने प्रशंसा की।