सिरमीना घाटी में हनुमान मंदिर की मूर्ति खंडित, पुजारी से मारपीट

0 गांव में तनाव, बजरंग दल ने की गिरफ्तारी की मांग
कोरबा। पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरबी चौकी के सिरमीना घाटी इलाके में हनुमान जी की मूर्ति खंडित किए जाने की घटना सामने आई है। घटना को लेकर गांव में आक्रोश का माहौल है और हिंदू समाज में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार मूर्ति को खंडित करने के दौरान मंदिर के पुजारी के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि डंडे से पुजारी की पिटाई की गई, जिसके बाद पुजारी एवं ग्रामीणों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि आरोपी पास के एक गांव के निवासी हैं। घटना के बाद बजरंग दल ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है और चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।