चुनावी वादों के भरोसे नहीं आया पानी, ऑटो बनी टंकी

0 पाली ट्रांसपोर्ट नगर में हाई मास्क लाइट और पानी की टंकी अब भी सिर्फ घोषणा
पाली। चुनावी वादों के पूरा होने का इंतजार पाली स्थित ट्रांसपोर्ट नगर का यह नजारा आज जनप्रतिनिधियों की घोषणाओं पर करारा तंज बन गया है। नगर पंचायत और ग्राम पंचायत चुनावों के दौरान बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे तो किए गए, लेकिन चुनाव बीतते ही वे वादे फाइलों और भाषणों तक सिमट कर रह गए। हालात ऐसे हो गए कि व्यापारियों को खुद ही समाधान ढूंढना पड़ा और एक खराब ऑटो के ऊपर पानी की टंकी रखकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ीं।
पाली ट्रांसपोर्ट नगर, ग्राम पंचायत सरायपाली और नगर पंचायत पाली की सरहद पर स्थित होने के कारण लंबे समय से उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। नगर पंचायत चुनाव से पहले यहां हाई मास्क लाइट और स्थायी पानी की टंकी लगाने की घोषणाएं जनप्रतिनिधियों द्वारा की गई थीं, लेकिन दोनों चुनाव समाप्त होने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
पानी की नियमित व्यवस्था नहीं होने के कारण ट्रांसपोर्ट नगर के व्यापारियों ने आपसी सहयोग से एक ऑटो को ही पानी की टंकी में तब्दील कर दिया। इसी अस्थायी व्यवस्था से यहां काम चलाया जा रहा है। व्यापारियों का कहना है कि यह कदम मजबूरी में उठाना पड़ा, क्योंकि जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई। ट्रांसपोर्ट नगर में अंधेरा एक और बड़ी समस्या है। हाई मास्क लाइट नहीं होने के कारण रात के समय यहां खड़े वाहनों से डीजल चोरी और अन्य चोरी की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। इस संबंध में कई बार जनप्रतिनिधियों के समक्ष मांग रखी गई, आश्वासन भी मिला, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कुछ नहीं बदला। स्थानीय व्यापारियों में इस उपेक्षा को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही पानी और प्रकाश व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। अब देखना यह है कि ट्रांसपोर्ट नगर की यह समस्या यूं ही ऑटो टंकी के सहारे चलती रहेगी या फिर नगर पंचायत पाली अथवा ग्राम पंचायत सरायपाली इस ओर गंभीरता से ध्यान देकर स्थायी समाधान निकालती है।