पुराना बस स्टैंड शराब दुकान से बढ़ रहा विवाद, व्यापारियों ने हटाने की उठाई मांग

कोरबा। शहर के पुराना बस स्टैंड मुख्य मार्ग में संचालित शराब दुकान के कारण क्षेत्र में आए दिन विवाद और तनाव की स्थिति बन रही है। दुकान के सामने ही मारपीट और हंगामे की घटनाएं होने से आसपास के व्यापारी और स्थानीय लोग परेशान हैं।
हाल ही में सामने आए एक वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि शराब दुकान के सामने ही तीन युवक आपस में बुरी तरह मारपीट करते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि दुकान के कर्मचारी या सुरक्षा कर्मियों द्वारा विवाद को शांत कराने का कोई प्रयास नहीं किया जाता, जबकि झगड़ा दुकान के काउंटर के सामने ही हो रहा होता है।
व्यापारियों का कहना है कि यह स्थिति अब आम हो गई है। शराब खरीदने के बाद कई लोग आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर ही बैठकर शराब पीने लगते हैं और गाली-गलौज करते हैं। इससे माहौल खराब होता है और आम लोगों के साथ-साथ दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, कुछ दूरी पर सिटी कोतवाली होने के बावजूद शराबियों में किसी तरह का डर नहीं दिखाई देता। आए दिन होने वाले झगड़े और हंगामे से बाजार का वातावरण प्रभावित हो रहा है। इस कारण महिला ग्राहकों ने भी इस क्षेत्र की दुकानों में आना कम कर दिया है। व्यापारियों का कहना है कि टैक्स देने के बावजूद उन्हें अपनी ही दुकानों के सामने असहाय महसूस करना पड़ रहा है। क्षेत्र के व्यापारियों ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि पुराना बस स्टैंड मुख्य मार्ग में संचालित इस शराब दुकान को तत्काल प्रभाव से किसी गैर-व्यापारिक या कम भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थानांतरित किया जाए, ताकि बाजार का माहौल सामान्य रह सके।


