उतरदा व मुड़ापार में पुलिस का जनजागरूकता अभियान, साइबर ठगी व अवैध शराब के खिलाफ किया सतर्क

हरदीबाजार। पुलिस द्वारा क्षेत्र के ग्राम पंचायत उतरदा एवं मुड़ापार में जनजागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। अभियान के तहत साइबर क्राइम, ऑनलाइन ठगी, कच्ची महुआ शराब की अवैध बिक्री तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से समझाया गया।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें और बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने अवैध शराब के निर्माण और बिक्री को कानूनन अपराध बताते हुए इसमें शामिल लोगों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

पुलिस टीम ने ग्रामीणों को यह भी बताया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत थाना या डायल 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। अभियान का उद्देश्य लोगों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना और क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम करना है।
इस दौरान एएसआई विजय सिंह, एएसआई कृपा शंकर दुबे, प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश वैश्य, आरक्षक प्रफुल्ल साहू, उतरदा सरपंच प्रतिनिधि सुंदर सिंह मरावी, मुड़ापार सरपंच सिल्की कुंवर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।