March 7, 2026

कल से होने वाले हैं ये बड़े बदलाव… आपकी जेब पर क्या होगा असर? जानें..

नई दिल्ली। आगामी 1 अक्टूबर से आपकी जिदंगी में 8 बड़े बदलाव होने वाले हैं। इस नए महीने से ही फेस्टिव सीजन की शुरुआत हो जाएगी। इसके साथ ही कोरोनाकाल में सरकार अनलॉक 5.0 की घोषणा करेगी। जो बदलाव इस बार होने जा रहे हैं उनमें हवाई यातायात, मिठाई, गैस सिलेंडर और स्वास्थ्य बीमा सहित कई सारी चीजें हैं जिनका असर आपकी जिंदगी में भी देखने को मिलेगा।

खुली मिठाई पर मियाद लिखनी होगी

बाजार में बिकने वाली खुली मिठाई के डिब्बे पर लिखना होगा कि इसे कब तक इस्तेमाल किया जा सकता है।

पैसा विदेश भेजने पर 5% टैक्स

विदेश में बच्चों या रिश्तेदारों को पैसे भेजते हैं या प्रॉपर्टी खरीदते हैं तो रकम पर 5% टीसीएस देना होगा। फाइनेंस एक्ट 2020 के मुताबिक, लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम के तहत 2.5 लाख डॉलर सालाना तक विदेश भेज सकते हैं। इसे टीसीएस के दायरे में लाया गया है।

सरसों तेल में मिलावट नहीं

अब सरसों का शुद्ध तेल मिलेगा। एफएसएसएआई ने इसमेें दूसरे तेल मिलाने पर रोक लगा दी है। अब तक चावल की भूसी यानी राइस ब्रान, तेल या सस्ते तेल मिलाए जाते थे।

रंगीन टीवी खरीदना महंगा

केंद्र सरकार ने रंगीन टीवी की असेंबलिंग में इस्तेमाल होने वाले ओपन सेल कंपोनेंट के आयात पर 5% सीमा शुल्क बहाल कर दिया है। इस पर सरकार ने एक साल की छूट दी थी।

उज्ज्वला गैस कनेक्शन फ्री नहीं

मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन लेने की प्रोसेस 30 सितंबर को खत्म हो रही है। कोरोना के चलते इसकी मियाद बढ़ाई गई थी।

गाड़ी चलाते हुए मोबाइल इस्तेमाल कर सकेंगे

गाड़ी चलाते समय रूट नेवीगेशन देखने के लिए मोबाइल फोन हाथ में रख सकेंगे। हालांकि, मोबाइल से बात करने पर 5000 रुपए तक जुर्माना लग सकता है।

लाइसेंस-आरसी रखने का झंझट नहीं

वाहन चलाते समय अब लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन के दस्तावेज रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इनकी सॉफ्ट कॉपी भी मान्य होगी। केंद्र सरकार ने मोटर वाहन नियम 1989 में संशोधन किया है। सरकार ने कहा है कि एक सूचना प्रौद्योगिकी पोर्टल के माध्यम से एक अक्टूबर 2020 से ड्राइविंग लाइसेंस और ई-चालान सहित वाहन संबंधी दस्तावेजों का रखरखाव किया जाएगा।

एक बयान में कहा गया कि वाहन दस्तावेजों के निरीक्षण के दौरान इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से वैध पाए गए वाहनों के दस्तावेजों के बदले भौतिक दस्तावेजों की मांग नहीं की जाएगी।

स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी में बदलाव

बीमा पॉलिसी लेने वाले ने लगातार आठ साल तक प्रीमियम चुकाई है तो कंपनियां उसका क्लेम रिजेक्ट नहीं कर पाएंगी। इनमें अब पहले से ज्यादा बीमारियां कवर होंगी। हालांकि, इससे प्रीमियम बढ़ सकती है। ग्राहक कंपनी बदलते हैं तो पुराना वेटिंग पीरियड जुड़ेगा।

रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें

सबसे पहले बात रसोई से शुरू करते हैं। तेल मार्केटिंग कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को LPG रसोई गैस सिलेंडर और हवाई ईंधन की नई कीमतों की घोषणा करती हैं।पिछले कुछ महीनों से कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। 1 अक्टूबर को भी LPG की कीमतों में बढ़ोतरी या फिर कटौती हो सकती है। इसके लिए आपको पहले से मानसिक और आर्थिक तौर पर तैयार रहना होगा।

गूगल मीट पर फ्री मीटिंग 60 मिनट ही

ऑनलाइन मीटिंग के लिए चर्चित माध्यम गूगल मीट का इस्तेमाल सीमित होगा. फ्री यूजर अधिकतम 60 मिनट मीटिंग कर पाएंगे। पेड यूजर्स इससे लंबी मीटिंग कर पाएंगे।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word