March 18, 2026

रायगढ़ : भीषण सड़क हादसे में बिजली विभाग के 2 जूनियर इंजीनियर समेत 4 की मौत

मृतकों में कोरबा निवासी JE अमल एक्का भी शामिल

रायगढ़ : बुधवार देर रात जिले में एक भीषण हादसा हो गया. छाल रोड के भालूनारा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बिजली विभाग के पिकअप वाहन को जबरदस्त टक्कर मार दी. हादसा इतना भयानक था कि 4 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में बिजली विभाग के दो जूनियर इंजीनियर भी शामिल हैं. घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला. वहीं मामले में देर रात ही विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर गुंजन शर्मा ने खरसिया थाने में FIR दर्ज कराई है.

मिली जानकारी के मुताबिक, बेरहामार और देहजरी इलाके में हाथियों की आवाजाही की सूचना पर बिजली सप्लाई बंद की गई थी. देर रात सप्लाई को बहाल कर चंद्रपुर निवासी जेई सुशील सिदार (42), कोरबा निवासी जेई अमल एक्का 30 वर्ष, परस्कोल, खरसिया निवासी लाइनमैन राजेंद्र सिदार (43) और पुरानी बस्ती खरसिया निवासी चालक भार्गव वैष्णव (28) पिकअप से लौट रहे थे.

पिकअप में ही फंसे रहे

इसी बीच रात करीब 9.30 बजे भालूनारा के करीब सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी. टक्कर से पिकअप के परखच्चे उड़ गए. वहीं चारों पिकअप में ही फंसे रह गए. करीब 3 घंटे बाद घटना का पता चला तो रेस्क्यू किया गया. वहीं हादसे क बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला. करीब 3 घंटे बाद रात 12.30 बजे घटना का पता चला. इसके बाद किसी तरह पिकअप सवार सभी लोगों को बाहर निकाला गया.

दो की मौके पर मौत, दो ने अस्पताल में तोड़ा दम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी. जबकि दो अन्य लोगों को खरसिया स्थित अस्पताल ले गए, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. उन्होंने बताया कि मौके पर देखकर ऐसा लग रहा है कि दोनों वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी. हादसे के बाद ट्रक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. उसका अगला पहिया टूट गया और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसा.

1210
Ranjan Prasad

Spread the word