September 21, 2024

कोरोना सर्वे कोविड-19 संक्रमण रोकने में बहुत कारगर इसे गंभीरता से सुनिश्चित करें-कलेक्टर श्रीमती कौशल

  • पांच से 12 अक्टूबर तक घर-घर जाकर होगी कोरोना लक्षणात्मक लोगों की पहचान
  • कलेक्टर ने समय सीमा में सर्वे के काम को पूरा करने दिये निर्देश

कोरबा 03 अक्टूबर 2020. कोविड-19 संक्रमण की चेन तोड़ने जिले में पांच से 12 अक्टूबर तक घर-घर जाकर कोरोना सर्वे किया जायेगा। राज्य शासन के कोरोना सघन सामुदायिक सर्वे अभियान के तहत कोरोना लक्षणात्मक लोगांे की पहचान की जायेगी। कोरोना सर्वे को सक्रिय रूप से सुनिश्चित करने के लिये कलेक्टर श्रीमती किरण कौशल ने सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं स्वास्थ्य अधिकारियों की वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि कोरोना सर्वे कोरोना संक्रमण रोकने का बहुत अच्छा सुलभ तरीका है। सर्वे करने से कोरोना संदिग्ध लोगों की पहचान कर सामुदायिक संक्रमण को रोका जा सकता है। कलेक्टर ने सभी एसडीएम, जनपद सीईओ को सर्वे के काम को गंभीरता पूर्वक पूरा करवाने के निर्देश दिये। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुंदन कुमार, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सूर्यकिरण तिवारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मौजूद रहे।
कलेक्टर श्रीमती कौशल ने बैठक में कोरोना सामुदायिक सर्वे के लिये दिये गये प्रपत्रों को सही-सही और निर्धारित तरीके से भरने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी एसडीएम और सीईओ को सेक्टरवार टीम बनाकर दल गठित करके सभी घरों में जाकर सर्वे सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्रीमती कौशल ने अधिकारी-कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिये सभी अधिकारी-कर्मचारी एकजुट होकर गंभीरता पूर्वक कार्य करें। सर्वे के दौरान इकट्ठा किये गये आंकड़े को डेटा इंट्री निर्धारित रूप में कराने के भी निर्देश दिये। जिले में कोरोना वायरस की रोकथाम के लिये घर-घर जाकर कोरोना संदिग्ध लोगों की पहचान की जायेगी। सामुदायिक स्तर पर घर-घर जाकर कोरोना लक्षणात्मक व्यक्तियों की जानकारी ली जायेगी। कोरोना लक्षण वाले लोगों की कोविड जांच कर उनका आईसोलेशन या उपचार किया जायेगा। जिले के सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर भ्रमण कर कोरोना सघन सामुदायिक सर्वे अभियान 12 अक्टूबर तक चलाया जायेगा। इस दौरान सर्वे दल प्रत्येक घरों में जाकर रहने वाले लोगों के बारे में स्वास्थ्य जानकारी लेंगे। सघन सामुदायिक सर्वे के दौरान कोविड-19 के लक्षण वाले व्यक्तियों की पहचान की जायेगी। सर्वे दल में क्षेत्र की मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, बहुद्देशीय कार्यकर्ता, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, पंचायत एवं ग्रामीण तथा नगरीय विकास विभाग के मैदानी अमले शामिल रहेंगे। सर्वे अभियान के दौरान जिले के सभी परिवारों का कवरेज किया जायेगा।
कोरोना सर्वे से संबंधित समस्त गतिविधियां एक सप्ताह में पूर्ण की जायेगी। सर्वे अभियान सप्ताह के दौरान क्षेत्रवार गठित दल द्वारा अपने क्षेत्र में प्रत्येक घरों का भ्रमण किया जायेगा एवं परिवार के केवल लक्षणात्मक व्यक्तियों की जानकारी एकत्रित की जायेगी। घर-घर जाकर लोगों में बुखार सर्दी-खांसी, सांस लेने में तकलीफ, शरीर में दर्द, दस्त तथा उल्टी होगा एवं सूंघने अथवा स्वाद की शक्ति का अहसास न होने जैसे लक्षणों की जानकारी ली जायेगी। सर्वे के दौरान लक्षणात्मक लोगों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी जायेगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लक्षणात्मक व्यक्तियों की जांच की व्यवस्था की जायेगी। जांच के लिये व्यक्तियों की संख्या अधिक होने पर उच्च जोखिम समूह वाले लोगों जैसे 60 वर्ष से अधिक, गर्भवती महिला, पांच वर्ष से कम आयु के बच्चे, उच्च रक्तचाप, डायबिटिज से ग्रसित व्यक्ति, कैंसर अथवा किडनी रोग वाले, टी.बी. रोग, सिकल सेल तथा एड्स के मरीजों की पहले जांच कराई जायेगी। ऐसे समस्त लक्षण वाले व्यक्ति के सैंपल जांच के लिये नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्था की जायेगी।

Spread the word