KORBA: निगम आयुक्त ने बदले अधिकारियों के प्रभार, आवास योजना की जिम्मेदारी रुची को

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा में प्रशासनिक व्यवस्था के तहत अधिकारियों के प्रभार में संशोधन किया गया है। इस संबंध में निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने मंगलवार को कार्यालयीन आदेश जारी किया, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
जारी आदेश के अनुसार अधीक्षण अभियंता भूषण राम उरांव को पूर्व में सौंपे गए दायित्वों के साथ-साथ निर्माण, योजना, डीएमएफ, सीएसआर, 15वें एवं 16वें वित्त आयोग की योजनाओं, अमृत मिशन के प्रभारी अधिकारी तथा सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत प्रथम अपीलीय अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वहीं प्रभारी कार्यपालन अभियंता रुची साहू को उनके पूर्व दायित्वों के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभारी अधिकारी का दायित्व भी सौंपा गया है। आयुक्त द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह प्रशासनिक व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी। आदेश की प्रतिलिपि महापौर, सभापति, अपर आयुक्त, अधीक्षण अभियंता, उपायुक्त, सभी जोन आयुक्तों एवं निगम के विभिन्न विभागों के प्रभारी अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही एवं पालनार्थ प्रेषित की गई है।