महाविद्यालयीन परीक्षा में पकड़ाया एक नकलची

0 आधार पाठ्यक्रम हिंदी विषय के पेपर में लेकर पहुंचा था नकल
कोरबा।
महाविद्यालयीन परीक्षाएं शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही नकल प्रकरण का खाता भी खुल गया है। शहर के शासकीय कॉलेज से एक नकलची पकड़ा गया है, जो सुबह की पाली में आयोजित हिंदी विषय के पेपर में नकल लेकर पहुंचा था।
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर से संबद्ध जिले के कॉलेजों में मुख्य परीक्षाएं बुधवार से शुरू हुई। तीन पाली में ली जा रही परीक्षाओं के पहले दिन उच्च शिक्षण संस्थाओं में सुबह सात बजे से ही गहमा-गहमी नजर आई। पहली पाली सुबह सात से लेकर दस बजे के बीच, दूसरी पाली 11 बजे से दोपहर दो बजे व तीसरी पाली दोपहर तीन से शाम छह बजे के बीच निर्धारित की गई है। कोविड-19 की मुश्किलों से राहत के साथ इस साल स्थिति सामान्य होने से छात्र-छात्राएं मुख्य परीक्षा मोड पर दे रहे हैं। इसके पहले सेमेस्टर परीक्षाएं भी कक्षा में तीन घंटे बैठकर ऑन द टेबल आयोजित की जा चुकी है। बीते वर्ष की मुख्य परीक्षाएं कोरोना काल में ऑनलाइन घर बैठे दी गई थी। इस बार ऑफलाइन मोड पर ही सही, पर परीक्षा केंद्र में पहुंचकर पर्चा भरने छात्र-छात्राओं में उत्साह देखने को मिला। प्रोफेशनल कोर्स की परीक्षा इस बार तीसरी पाली में न होकर द्वितीय पाली में होगी। शुरुआत भाषा से हुई है, जबकि परीक्षाओं की समाप्ति ऐच्छिक विषयों के साथ होगी। जिले की बात करें तो सभी शासकीय व निजी कॉलेजों समेत करीब 27 हजार परीक्षार्थी इन मुख्य परीक्षाओं में शामिल हो रहे हैं। इसमें नकल का एक प्रकरण भी दर्ज किया गया है।
0 उड़नदस्ता दल ने 8 केंद्रों का किया निरीक्षण
कॉलेज की मुख्य परीक्षाओं की निगरानी करने जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल भी गठित किया गया है। शासकीय ईवीपीजी कॉलेज के अर्थशास्त्र के प्राध्यापक व दल के संयोजक डॉ. एसके गोभिल ने बताया कि बुधवार को आठ केंद्रों का निरीक्षण किया गया। सभी केंद्रों में शांतिपूर्वक परीक्षाएं हुई और कहीं कोई गड़बड़ी नहीं मिली। इस दल में ईवीपीजी के ही सहायक प्राध्यापक आरके मौर्य व भैसमा कॉलेज के आरके बरेठ सदस्य हैं।

ranjan photo
Admin

Spread the word