February 27, 2026

नगर पालिक निगम कोरबा का बजट एम.आई.सी.से पारित

कोरबा 11 मार्च। नगर पालिक निगम कोरबा के पुनरीक्षित बजट वर्ष 2020-21 एवं बजट वर्ष 2021-22 को निगम की मेयर इन काउंसिल की बैठक में सर्वसम्मति से पारित कर सक्षम स्वीकृति हेतु साधारण सभा की ओर अग्रेषित किया गया। इसके साथ ही निगम की विभिन्न सेवाओं व सुविधाओं तथा विकास व निर्माण कार्यो संबंधी अन्य प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

महापौर राजकिशोर प्रसाद की अध्यक्षता तथा आयुक्त एस.जयवर्धन की उपस्थिति में आज नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित सभाकक्ष में मेयर इन काउंसिल की बैठक आयोजित हुई। बैठक में निगम के पुनरीक्षित बजट वर्ष 2020-21 एवं बजट वर्ष 2021-22 को सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके साथ ही लाईट व्यवस्था हेतु वार्षिक दर निर्धारण, वाहनों के मरम्मत कार्य सहित निगम के अन्य कार्यो व सेवाओं से संबंधित प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। बैठक के दौरान निगम के अपर आयुक्त श्री अशोक शर्मा, मेयर इन काउंसिल सदस्य संतोष राठौर, अमरजीत सिंह, सपना चौहान, कृपाराम साहू, सुनील पटेल, पालूराम साहू, प्रदीपराय जायसवाल, सुनीता राठौर, फूलचंद सोनवानी, मस्तूलसिंह कंवर, सुखसागर निर्मलकर, रोपा तिर्की, निगम के अधीक्षण अभियंता ग्यास अहमद, मुख्य लेखाधिकारी पी.आर.मिश्रा, कार्यपालन अभियंता ए.के.शर्मा, एम.एन.सरकार, आर.के.चौबे, आर.के.माहेश्वरी, भूषण उरांव, विनोद शांडिल्य, तपन तिवारी, राजेश पाण्डेय, उपायुक्त व निगम सचिव पवन वर्मा, उपायुक्त बी.पी.त्रिवेदी, स्वास्थ्य अधिकारी व्ही. क. सारस्वत, लेखाधिकारी आनंद गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

निगम कार्यो की समीक्षा-बैठक के दौरान महापौर राजकिशोर प्रसाद ने निगम के विभिन्न विकास कार्यो व नगर पालिक सेवाओं व सुविधाओं से जुड़े कार्यो की समीक्षा की। इस दौरान उन्होने जिला खनिज न्यास मद, निगम मद, अधोसंरचना, प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक मद, पार्षद, एल्डरमेन मद सहित अन्य विभिन्न मदों के अंतर्गत किए जाने वाले कार्यो की कार्यप्रगति की समीक्षा की। उन्होने निगम की विभिन्न सेवाओं यथा पेयजल, सड़क रोशनी, साफ-सफाई सहित अन्य कार्यो की भी समीक्षा की तथा विकास व निर्माण कार्यो में आवश्यक गति लाने, समयसीमा में कार्यो को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होने साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, डोर-टू-डोर अपशिष्ट संग्रहण व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने, नियमित रूप से साफ-सफाई कार्य करने, सफाई के दौरान उत्सर्जित अपशिष्ट का समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करने, एस.एल.आर.एम.सेंटरों में व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त रखने आदि के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word