February 26, 2026

चार सूत्रीय मांगों को लेकर नर्सिंग स्टाफ ने किया कामबंद आंदोलन

0 सांकेतिक हड़ताल कर एक घंटे किया प्रदर्शन
कोरबा।
वेतन में बढ़ोत्तरी और स्टाफ की कमी को दूर करने की मांग को लेकर कोरबा के मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल में पदस्थ नर्सों की सांकेतिक हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल से व्यवस्था प्रभावित न हो इस कारण नर्स केवल एक घंटे की हड़ताल कर रहे हैं। दो दिन के सांकेतिक प्रदर्शन के बाद भी मांगे नहीं मानी गई तो वे 15 फरवरी से सामूहिक अवकाश पर चली जाएंगी।
चार सूत्रीय मांगों को लेकर मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल में स्टाफ नर्सों की सांकेतिक हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। काली पट्टी लगाकर उन्होंने एक घंटे तक प्रदर्शन कर प्रबंधन को अपनी मांगो से अवगत कराया। नर्सों का कहना है कि उनके वेतन में बढ़ोत्तरी हो, स्टाफ की कमी को दूर करने जल्द नई भर्तियां हो, पदनाम में बदलाव के साथ ही भत्तों में जल्द से जल्द बढ़ोत्तरी की जाए। इन्हीं मांगों को लेकर उन्होंने दो दिन तक सांकेतिक रूप से हड़ताल किया। उनके प्रदर्शन के कारण मरीजों को उपचार मिलने में देरी न हो इस कारण वे केवल एक घंटे तक प्रदर्शन कर रही हैं। दो दिन की हड़ताल के बाद भी उनकी मांगों को पूरा करने को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई तो 15 फरवरी से सभी सामूहिक अवकाश पर चली जाएंगी। स्टाफ नर्सों का आरोप है कि कोरोना काल में उन्हें अतिरिक्त भत्ता दिए जाने का वादा किया गया था जो अब तक पूरा नहीं हो सका है। चुनाव से पूर्व कांग्रेस सरकार ने ग्रेड पे में बढ़ोत्तरी करने की बात कही थी, उस पर भी अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका है। यही कारण है कि अपने हक के लिए उन्हें प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ रहा है। जल्द ही मांगों को पूरा नहीं किया गया तो 15 तारीख के बाद व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो जाएगी।

ranjan photo
Admin

Spread the word