October 6, 2024

गाय को ठोकर मारकर मकान में घुसी बोलेरो

कोरबा। जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरमपुर नराईबोध मुख्य मार्ग पर बुधवार की रात लगभग 8 बजे एक शराबी बोलेरो वाहन चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क किनारे चल रही गर्भवती गाय को जोरदार ठोकर मारते हुए एक घर में वाहन को घुसा दिया। इस हादसे में गाय की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई, वहीं मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन चालक शराब पीया हुआ था और बेहद तेजी से वाहन चला रहा था। गर्भवती गाय को ठोकर मारते हुए वाहन घर जा घुसा, जिससे घर की दीवार ढह गई। गनीमत यह रही की घर में कोई नहीं था अन्यथा वे भी वाहन की चपेट में आ सकते थे। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो वाहन चालक सड़क पर भी किसी व्यक्ति को अपने वाहन की चपेट में ले सकता था। घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पंहुची और वाहन की जब्ती कार्रवाई की गई। वहीं भीड़ का फायदा उठाते हुए शराबी वाहन चालक वाहन छोड़ कर मौके से फरार हो गया। कुछ माह पूर्व कुसमुंडा पुलिस क्षेत्र में लगातार दोपहिया चार पहिया वाहनों की चेकिंग कर रही थी, जिसमें शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई हो रही थी। इस कारण से काफी हद तक ऐसी दुर्घटनाओं पर अंकुश लगा हुआ था, परंतु वाहन चेकिंग नहीं होने के कारण एक बार फिर शराब पीकर वाहन चलाने वालों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है।

Spread the word