October 6, 2024

बादल छंटते ही शीत लहर ने कंपकपाने पर किया मजबूर

0 ठंड से बचने लोगों को लेना पड़ रहा गर्म कपड़ों का सहारा
कोरबा।
कोरबा जिला अब शीतलहर के आगोश में समाने लगा है। चक्रवाती तूफान के चलते आसमान में छा रहे बादल अब साफ होने लगे हैं। तीन दिन बाद रविवार को भी पूरा दिन आसमान साफ रहा और धूप खिली। अब जल्द ही शीतलहर शुरू होने का अनुमान हैं। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर है। मौसम में बदलाव के चलते अस्पताल में सर्दी-खांसी, जुकाम, बुखार के मरीजों की संख्या सामान्य दिनों के मुकाबले बढ़ने लगी है। चक्रवाती तूफान का असर के कारण जिले में तीन दिन तक मौसम बदला रहा। बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा।
चक्रवाती तूफान मिचौंग के प्रभाव से ठंड ने अपना कड़ा रुख दिखाया। ठंडी हवाओं ने पहली बार मौसम में कंपकपी बढ़ने से लोग इस सीजन में पहली मर्तबा कांपते दिखाई दिए। सर्द हवाओं के कारण पारा तेजी से लुढ़क गया, लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेने मजबूर हुए। दिन में भी लोग गर्म कपड़ों के लबादे में नजर आए। साथ ही कई लोग बारिश से बचने के लिए रेनकोट में भी नजर आए। शीतलहर के दौरान आमजन आवश्यक दवाएं तैयार रखें। शीतलहर के समय विभिन्न प्रकार की बीमारियों की संभावना बढ़ जाती है। जैसे फ्लू, सर्दी-खांसी एवं जुकाम आदि का लक्षण हो जाने पर स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं या डॉक्टर से संपर्क करें।
0 ठिठुरन से बचाने चौक-चौराहों पर जलाया गया अलाव
हल्की बारिश के पश्चात बढ़ी ठंड और ठिठुरन को देखते हुए कलेक्टर सौरभ कुमार ने चौक-चौराहों सहित महत्वपूर्ण स्थानों में अलाव जलाने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में नगर पालिक निगम आयुक्त प्रतिष्ठा ममगाई ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव जलवाया है। शहर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक, ट्रांसपोर्ट नगर चौक और कोरबा सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों में लकड़ी के अलाव की व्यवस्था की गई है। अलाव जलने से शहर के अनेक लोग इन स्थानों पर आग ताप रहे हैं। शीतलहर जैसी स्थिति निर्मित होने और ठंड बढ़ने से बहुत से लोगों को घर से बाहर ऐसे ही अलाव की आवश्यकता महसूस हो रही थी। जरूरी काम से घर से बाहर निकलने वालों को अपने आसपास जलते हुए अलाव मिलने पर वे अपनी हथेलियों को सेंकते हुए नजर आने लगे हैं। कलेक्टर ने मौसम में हुए बदलाव को देखते हुए सभी को सतर्क रहने और स्वास्थ्य पर ध्यान देने की अपील भी की है। उन्होंने आवश्यकता अनुसार सभी महत्वपूर्ण स्थानों और आवाजाही वाले स्थलों सहित निगम के जोन में अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Spread the word