बिरसा मुंडा जयंती पर ग्रामीणों ने लिया जल,जंगल-जमीन संरक्षण का संकल्प

पाली। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में ग्राम पंचायत रामाकछार में एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत भवन में हुए इस समारोह में परिक्षेत्र सहायक वृत्त तेलसरा, सरपंच भारत सिंह मरावी, वन प्रबंधन समिति अध्यक्ष, पंचगण, शिक्षक, छात्र तथा ग्राम के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। कटघोरा वन मंडल परिक्षेत्र चैतमा के डिप्टी रेंजर सरवन कोराम ने अपने उद्बोधन में बिरसा मुंडा को आदिवासी अस्मिता, संघर्ष और स्वाभिमान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा का आंदोलन आज भी समाज को मार्ग दिखाता है। सरपंच भारत सिंह मरावी तथा उपस्थित शिक्षकों ने भी बिरसा मुंडा के जीवन से जुड़ी प्रेरक बातें साझा कीं। विद्यार्थियों द्वारा निबंध और कविता वाचन से कार्यक्रम में उत्साह का संचार हुआ। इस अवसर पर परिक्षेत्र सहायक वृत्त तेलसरा ने ग्रामवासियों से पर्यावरण संरक्षण, जल व वन संपदा की सुरक्षा के लिए सामूहिक रूप से आगे आने की अपील की। कार्यक्रम का समापन भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करने और जल जंगल जमीन की रक्षा का संकल्प लेते हुए हुआ। यह आयोजन ग्रामवासियों के लिए प्रेरणा और जागरूकता का महत्वपूर्ण माध्यम साबित हुआ।