बिजली वितरण कंपनी ने तानाखार, कटघोरा में मनाया जनजातीय गौरव दिवस

कोरबा । भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा तानाखार, कटघोरा में जनजातीय गौरव दिवस एवं प्रधानमंत्री जन-मन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सतगढ़ समाज के अध्यक्ष राजवर्धन सिंह तंवर, विशिष्ट अतिथि वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर तथा अध्यक्षता माधुरी जे.पी. तंवर, जनपद अध्यक्ष पोड़ी-उपरोड़ा ने की। शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा एवं रानी दुर्गावती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। तत्पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पावर वितरण कंपनी बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अंबस्ट ने स्वागत उद्बोधन देते हुए शासन की बिजली योजनाओं को दूरस्थ आदिवासी अंचलों तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता जताई। प्रबंध निदेशक कंवर ने बिरसा मुंडा के संघर्ष और आदिवासी उत्थान पर उनके योगदान को याद किया, प्रधानमंत्री जन-मन, सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जैसी योजनाओं की जानकारी दी। मौके पर कई लाभार्थियों का पंजीयन कर प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन बिजली कर्मचारी संघ के वृत्त सचिव यशवंत राठौर ने किया। उन्होंने दजगुआ धरती आंबा की अवधारणा और आदिवासी क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल व सौर ऊर्जा आधारित विद्युतीकरण की जरूरतों पर प्रकाश डाला। अंत में मुख्य अतिथि द्वारा प्रबंध निदेशक को तीर-कमान भेंट कर सम्मानित किया गया तथा मुख्य अभियंता एम. जामुलकर ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में व्ही.आर. मौर्या, पी.आर. साहू, एम.एम. चंदाकर, जे.के. सिंह, एस.के. सोनी, शेखर सोनी, वी.के. धार्या, एन.पी. सोनी, रंजीत पैंकरा, संतोष कंवर, शब्बीर साहू, दिलीप कोसले, वी.पी. कंवर, निकिता सिंह, मंजू कंवर सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।