हिंदू नववर्ष पर शहर भगवामय, हिंदू क्रांति सेना व सर्व हिंदू समाज ने निकाली भव्य रैली और शोभायात्रा

कोरबा। हिंदू नववर्ष के अवसर पर इस वर्ष शहर में भव्य और आकर्षक आयोजन देखने को मिला। हिंदू क्रांति सेना और सर्व हिंदू समाज के नेतृत्व में निकाली गई रैली और शोभायात्रा ने पूरे कोरबा शहर को भगवा रंग में रंग दिया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवक-युवतियां और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य शामिल हुए।

हिंदू क्रांति सेना द्वारा सीतामनी चौक से टीपी नगर तक विशाल रैली निकाली गई, वहीं सर्व हिंदू समाज द्वारा कोसाबाड़ी चौक से सीएसईबी चौक होते हुए टीपी नगर स्थित टैगोर उद्यान तक भव्य शोभायात्रा और झांकी निकाली गई। यात्रा में आकर्षक झांकियां, साउंड सिस्टम और धार्मिक प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। देश के विभिन्न राज्यों से मंगाए गए साउंड सिस्टम और झांकियों ने आयोजन को और भव्य बना दिया।

रैली और शोभायात्रा में भगवान शिव, हनुमान जी सहित विभिन्न धार्मिक स्वरूपों की झांकियां प्रस्तुत की गईं। बड़ी संख्या में युवक ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा शहर भक्तिमय माहौल में नजर आया।

कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष यातायात व्यवस्था की गई थी। भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर कई मार्गों को डायवर्ट किया गया, ताकि रैली और शोभायात्रा बिना किसी बाधा के निकल सके। बेहतर व्यवस्था के कारण शाम से शुरू हुआ जुलूस देर रात तक शांतिपूर्ण ढंग से चलता रहा।
हिंदू नववर्ष के अवसर पर हुए इस आयोजन को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखा गया और लोगों ने इसे धार्मिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बताया।
