February 4, 2026

गैस सिलेंडर रिफिलिंग में अब ई-केवाईसी और ओटीपी अनिवार्य


0 कंपनियों ने दिए सख्त निर्देश
कोरबा। गैस सिलेंडर रिफिलिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए ऑयल कंपनियों ने अब आधार-आधारित ई-केवाईसी और ओटीपी आधारित डिलीवरी सिस्टम को अनिवार्य कर दिया है। गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि बिना ई-केवाईसी अपडेट उपभोक्ता को सिलेंडर जारी नहीं किया जाए। साथ ही डिलीवरी के समय उपभोक्ता द्वारा ओटीपी देना अनिवार्य रहेगा। यदि ओटीपी उपलब्ध नहीं कराया गया, तो सिलेंडर की आपूर्ति नहीं होगी।
पिछले डेढ़ साल से उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा था, लेकिन अभी तक सभी उपभोक्ता इसका पालन नहीं कर पाए हैं। कंपनियों का कहना है कि ई-केवाईसी और ओटीपी सिस्टम लागू होने से फर्जी बुकिंग, डुप्लीकेट डिलीवरी और कालाबाजारी पर पूरी तरह रोक लग सकेगी। इसलिए इसे अब कड़ाई से लागू किया जा रहा है।
सभी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी गैस एजेंसी में जाकर अपडेट करवाएं, ताकि सिलेंडर रीफिलिंग में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। बुकिंग के दौरान उपभोक्ता के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मिलने वाला ओटीपी ही डिलीवरी का प्रमाण होगा।

0 महतारी वंदन समेत योजनाओं में भी केवाईसी अनिवार्य
जिले में इन दिनों विभिन्न योजनाओं के लिए ई-केवाईसी का दौर जारी है। शासन द्वारा योजनाओं को ऑनलाइन करने के बाद यह पाया गया कि कई पात्र हितग्राहियों का केवाईसी अपडेट नहीं है, जिससे राशि वितरण में रुकावट आ रही है। विशेष रूप से महतारी वंदन योजना में ई-केवाईसी अनिवार्य कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन हितग्राहियों ने अभी तक केवाईसी नहीं कराया है, वे जल्द से जल्द प्रक्रिया पूर्ण करें, ताकि उनके खातों में राशि निर्बाध रूप से पहुंच सके।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word