जिला अधिवक्ता संघ चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, कल खुलेगा मतपेटी का राज

कोरबा। जिले में रविवार को जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुए। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य सहित विभिन्न पदों के लिए कुल 813 मतदाताओं में से 757 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि 56 मतदाता अनुपस्थित रहे। मतदान सुबह 8:30 बजे से शुरू होकर शाम 4.00 बजे तक बिना किसी व्यवधान के जारी रहा।
चुनाव में वरिष्ठ अधिवक्ताओं के साथ महिला एवं युवा अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे लोकतांत्रिक उत्साह स्पष्ट नजर आया। कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच संपन्न हुए मतदान के बाद सभी प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में कैद हो गया है, जिसका फैसला 13 अप्रैल सोमवार को मतगणना के बाद सामने आएगा।
पूरी चुनाव प्रक्रिया मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में संपन्न कराई गई। मतदान के दौरान कहीं भी कोई अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं हुई और सभी अधिवक्ताओं ने सहयोग करते हुए चुनाव को सफल बनाया। मतदान के बाद मतपेटियों को सील कर न्यायालय परिसर में सुरक्षित रखा गया है, जिन्हें आज सुबह खोला जाएगा और मतगणना प्रारंभ की जाएगी।
इस बार अध्यक्ष पद के लिए 4 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं उपाध्यक्ष (पुरुष) के लिए 6, उपाध्यक्ष (महिला) के लिए 3, सचिव पद के लिए 3, सह सचिव के लिए 2, कोषाध्यक्ष के लिए 3 तथा ग्रंथालय सचिव पद के लिए 4 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। कार्यकारिणी सदस्य के 4 पदों के लिए 10 प्रत्याशी आमने-सामने हैं, जबकि कुछ पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध भी निर्वाचित हो चुके हैं।
अब सभी की निगाहें कल होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि जिला अधिवक्ता संघ का ताज किसके सिर सजेगा।