February 25, 2026

पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को दिखाया आईना, कहा- मुझ पर टिप्पणी करने से पहले अपने गिरेबान में झांककर देखें

कोरबा 17 दिसम्बर। जिले के रामपुर क्षेत्र से विधायक और प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को आइना दिखाते हुए कहा है कि- सूपा बोले तो बोले अब छन्नी भी बोलने लगे है, जिसमें 56 छेद है। राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को मुझ पर टिप्पणी करने से पहले
अपने गिरेबान में झांककर देख लेना चाहिए।

उन्होंने एक बयान में कहा है कि राजस्व मंत्री का भ्रष्टाचार का समर्थन करना स्वाभाविक है। क्योंकि वे स्वयं कई अनैतिक और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे हुए है। छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा डामर घोटाला जयसिंह अग्रवाल की ठेका कंपनी ने ही किया है। उनके कई ठेकों में लाखों करोड़ो का घपला जांच के दायरे में है। उनके खिलाफ पुलिस में भी रिपोर्ट दर्ज है।


विधायक कंवर ने कहा है कि आदिवासी की जमीन हड़पने से लेकर शासकीय जमीन पर बेजा कब्जा करने वाला व्यक्ति आज प्रदेश का राजस्व मंत्री है। यह छत्तीसगढ़ का दुर्भाग्य है। आर्थिक एवं राजनैतिक प्रभाव से ऐसे आपराधिक मामलों को उन्होंने विभिन्न स्तर पर लंबित करा रखा है। उन्होंने आगे कहा है कि राजस्व मंत्री के गृह जिला कोरबा में उनके करीबी माने जाने वाले कई लोग सरकारी जमीनों की हेरा-फेरी कर रहे है। नगर निगम क्षेत्र के दादर और खरमोरा में राजस्व मंत्री का संरक्षण बताकर अवैध प्लाटिंग कर रहे है। बड़े भू खण्डो में अवैध प्लाटिंग करने के बाद मंत्री के प्रभाव में आकर छोटे-छोटे प्लाट का टुकड़ों में खरीदी-बिक्री और पंजीयन का अवैधानिक कार्य खुलेआम किया जा रहा है। सिर से पांव तक अनैतिक और आपराधिक गतिविधियों में आरोपित राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल अगर भ्रष्टाचार और भ्रष्ट शासन और प्रशासन का बचाव कर रहे है, तो जनता को भी इस बात पर आश्चर्य नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा है कि राजस्व मंत्री का बौध्दिक स्तर भी इसी बात से सामने आ जाता है कि छत्तीसगढ़ शासन और प्रशासन पर की गई टिप्पणी के साथ उन्होंने पूरे देश को घसीट लिया है। उन्होंने कहा है कि राजस्व मंत्री के अनैतिक कार्यो और भ्रष्टाचारों का कच्चा चिट्ठा शासन के समक्ष रखकर कार्यवाही सुनिश्चित किया जायेगा।

उल्लेखनीय है कि विधायक एवं राज्य के पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर ने प्रदेश शासन और प्रशासन में भारी भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाया था। इस पर पलटवार करते हुए राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने उन पर गत दिवस टिप्पणी करते हुए कहा था कि अकेले ननकीराम कंवर ही ईमानदार है और पूरा देश भ्रष्ट है। राजस्व मंत्री की इस टिप्पणी के बाद विधायक एवं पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने एक बयान जारी कर उनके खिलाफ समय-समय पर लगने वाले अनैतिक कृत्य और भ्रष्टाचार के आरोपों को गिनाया है। साथ ही उन मामलों में कार्यवाही सुनिश्चित करने की भी बात कही है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word