October 5, 2024

कोरबा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की अनेक लोक लुभावन घोषणाएं

जिलेवासियों को दिया 835 करोड़ रूपयों से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

कोरबा 4 जनवरी। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां घंटाघर में आयोजित एक आमसभा में अनेक लोक लुभावन घोषणाएं की और हर किसी को संतुष्ट करने का प्रयास किया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के 835 करोड़ रूपयों के विकास और निर्माण कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल स्थानीय जन-प्रतिनिधियों की मांग पर कोरबा में घोषित मेडिकल कॉलेज का अंचल के वरिष्ठ नेता स्वर्गीयविसाहूदास महंत के नाम पर, भैसमा गांव के शासकीय महाविद्यालय का पूर्व उप मुख्यमंत्री स्वर्गीय प्यारेलाल कंवर के नाम पर और शासकीय हाईस्कूल कोरबा का पूर्व विधायक स्वर्गीय कृष्णालाल जायसवाल के नाम पर नामकरण किये जाने की घोषणा की। उन्होंने कोरबा में अशोक वाटिका को आक्सीजन बनाने, प्रियदर्शिनी स्टेडियम में खेल अकादमी स्थापित करने, जिले में अजगर बहार और बरपाली को नया तहसील बनाने के साथ ही पाली में शासकीय महाविद्यालय के भवन निर्माण की घोषणा भी की।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल चार एवं पांच जनवरी को कोरबा जिले के प्रवास पर है। मुख्यमंत्री श्री बघेल इस दौरान जिले में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण, भूमिपूजन कार्यक्रम मे शामिल हुए। मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों को सामग्री तथा चेक राशि का वितरण किया। मुख्यमंत्री श्री
भूपेश बघेल जिलेवासियों को 835 करोड़ रूपये से अधिक के 883 विकास कार्यों के भूमिपूजन, लोकार्पण तथा सामग्री वितरण का सौगात दिये। इस दौरान मुख्यमंत्री के द्वारा लगभग 776 करोड़ से अधिक के 159 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। साथ ही लगभग साढ़े 61 करोड़ के 38 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किये। मुख्यमंत्री के द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 686 लाभान्वित हितग्राहियों को लगभग साढ़े सात करोड़ का सामग्री वितरण किया गया।

आमसभा को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, विधायक ननकीराम कंवर, पुरूषोत्तम कंवर और तानाखार विधायक मोहित केरकेट्टा ने भी सम्बोधित किया और जिले की समस्याओं तथा आवश्यकताओं की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया। कार्यक्रम के प्रारंभ में कलेक्टर श्रीमती किरण कौशल ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। आमसभा में बड़ी सख्या में क्षेत्र के नागरिक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने गौठान का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने आज कोरबा जिले के ग्राम महोरा में गौठान का निरीक्षण किया। उन्होंने गौठान में ग्रामीणों और समूह की महिलाओं से गौठान के संचालन, गोधन न्याय योजना में गोबर खरीदी और समूहों द्वारा की जा रही आर्थिक गतिविधियों की जानकारी ली। श्री बघेल ने गौठान में गाय को चारा खिलाया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम और सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Spread the word