March 17, 2026

रायगढ़ काँग्रेस के जिला सचिव ने की आत्महत्या… अपने पैतृक गाँव में खुद को मारी गोली

रायगढ़ 28 फरवरी 2021। रायगढ़ कांग्रेस नेता महेंद्र यादव ने खुद को गोली मार ली है। वो रायगढ़ कांग्रेस के जिला सचिव थे और संगठन में बेहद सक्रिय थे। मौत की पूरी वजह अब तक मालूम नहीं चली है, लेकिन माना जा रहा है कि विवाद की वजह से उन्होंने खुद को गोली मारी है। इधर घटना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है और मामले की जांच कर रही है। घटना के वक्त घर पर उनकी पत्नी भी मौजूद थी।

महेंद्र यादव उर्फ जानकीशरण रायगढ़ में कांग्रेस से लंबे समय से जुड़े थे, इससे पहले वो एनएसयूआई में थे। दो दिन पहले वह अपने पैतृक गांव उत्तर प्रदेश के चित्रकूट के राजापुर थानांतर्गत छीबों गांव आए थे। रविवार की सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे वह कमरे के अंदर थे, जबकि पिता और मां खेत पर गए थे। उनकी पत्नी रसोई में खाना बना रही थीं। इस बीच कमरे के अंदर महेंद्र ने तमंचे से कनपटी के नीचे खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर पत्नी भागते हुए कमरे में पहुंची तो पति को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखकर चीख पुकार मचाने लगी। घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ लग गई और कुछ देर में खेत से पिता व मां भी आ गए। सूचना पर गांव आई पुलिस ने तमंचा कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word