April 11, 2026

बगैर मास्क बैठक में पहुंचे अफसर… कलेक्टर ने लगाई फटकार, फिर लगाया जुर्माना

बलौदाबाजार। कलेक्टर की बैठक में मास्क नहीं पहनकर बैठक में पहुंचे 6 अधिकारियों पर जुर्माना लगाया गया। मास्क नहीं लगाकर सार्वजनिक बैठक में शामिल होने और कानून का उल्लंघन करने पर उनसे 100-100 रुपये का जुर्माना लिया गया। दरअसल कलेक्टर सुनील कुमार जैन आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक ले रहे थे।

गोठान के काम-काज की समीक्षा शुरू करने के पहले उनकी नजर मास्क नहीं लगाने वाले अफसरों पर पड़ी। छह अफसर बिना मास्क पहने पाये गये। कलेक्टर ने उन्हें खूब फटकार लगाई और कोविड प्रोटोकॉल का हर समय पालन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने नायब तहसीलदार को बैठक में बुलाकर मास्क धारण नहीं करने वाले अधिकारियों से 100-100 रुपये का जुर्माना स्वरूप चालान कटवाया। उन्होंने सभी सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों को हमेशा मास्क लगाने और दो गज की दूरी का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने बैठक में गोधन न्याय योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आमदनी अर्जित करने का गौधन न्याय योजना अभिनव उपाय है। सभी महिला समूहों और पशुपालकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारा दायित्व है। उन्होंने एक-एक गौठान के काम-काज की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि खरीदे गये गोबर को कम्पोस्ट में परिवर्तित कर इसे विक्रय करना हमारा उद्देश्य है। इस काम में कोई भी शिथिलता स्वीकार नहीं की जायेगी। उन्होंने गौठान समितियों को गोबर के भुगतान में हो रही विलंब को दूर करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने तरबूज, खरबूज, ककड़ी की खेती के लिए नदी की भूमि महिला समूहों को प्राथमिकता के साथ आवंटित करने को कहा है। उन्होंने कहा कि समूहों द्वारा खेती करने से ज्यादा संख्या में महिलाओं को फायदा मिलेगा।

जिला पंचायत सीईओ फरिहा आलम ने महिला समूहों की गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गौठानों पर बिजली कनेक्शन की सुविधा ले जाने के प्रयास किये जा रहे हैं ताकि वे गौठानों पर ही अपना कारोबार कर सकें। जिले की महिलाएं अच्छे तरह से काम कर रही हैं। अपर कलेक्टर राजेन्द्र गुंप्ता सहित वरिष्ठ अफसर बैठक में उपस्थित थे।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word