September 20, 2024

गौठानों में बनाए वर्मी खाद से जमीन की फसल उत्पादन क्षमता में हो रही वृद्धि

सूचना शिविर के माध्यम से ग्रामीणों ने बताए शासकीय योजनाओं से मिलने वाले लाभ

कोरबा 10 मार्च। राज्य शासन द्वारा लोगों के हित के लिए लागू किए गए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सूचना शिविर का आयोजन लगातार किया जा रहा है। विकासखण्ड करतला के ग्राम पंचायत नोनबिर्रा में विकास फोटो प्रदर्शनी सह सूचना शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर के माध्यम से ग्रामीणजन जनहितकारी योजनाओं की जानकारी तो ले ही रहे हैं इसके अलावा शासकीय योजनाओं से होने वाले लाभ को भी सूचना शिविर में साझा कर रहे हैं। ग्राम नोनबिर्रा के सरंपच श्री महेश राम कंवर ने विकास फोटो प्रदर्शनी में आकर विभिन्न योजनाओं का फोटो के माध्यम से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि गांव में राज्य शासन द्वारा गौठान स्थापित किया गया है। गौठान में गांव के ही तीन महिला समूहों द्वारा विभिन्न प्रकार के आजीविका संवर्धन के कार्य किए जा रहे हैं। गौठान में शासन की महत्वकांक्षी गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी भी की जा रही है। गौठान में खरीदे गए गोबर से महिला स्व सहायता समूह द्वारा वर्मी खाद का भी उत्पादन किया जा रहा है। सरपंच श्री महेश राम ने कहा कि गौठान में उत्पादित गोबर से भूमि की फसल उत्पादन क्षमता में वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि वर्मी कम्पोस्ट से जैविक खेती करने से ग्रामीणों को फसल उत्पादन करने में महंगे रासायनिक खाद खरीदने से बचत हो जाती है। उन्होंने सभी किसानों को सुझाव दिया कि फसल में वर्मी कम्पोस्ट का अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए। सरपंच ने बताया कि उन्होंने स्वयं अपने खेतों में मूंगफली की खेती में गौठान में बनाए वर्मी खाद का उपयोग किया था। वर्मी खाद के उपयोग से उनकी मूंगफली की फसल में रासायनिक खाद के तुलना में अधिक उत्पादन हुआ।

ग्राम पंचायत नोनबिर्रा में आयोजित विकास फोटो प्रदर्शनी सह सूचना शिविर में गांव के गौठान में कार्यरत महिला समूह के सदस्यों ने भी आकर शासकीय योजनाओं की जानकारी ली। शिविर में आस्था स्व सहायता समूह की सदस्य श्रीमती पुष्पलता एवं श्रीमती राजिम बाई, जय मां डंगनेश्वरी स्व सहायता समूह की सदस्य श्रीमती रायसो बाई एवं श्रीमती जसकुंवर तथा जय मां लक्ष्मी स्व सहायता समूह की सदस्य श्रीमती धनमत एवं श्रीमती मद्रासो बाई ने सूचना शिविर में आकर प्रचार पुस्तिका जनमन, संबल एवं किसान गाईड के माध्यम से शासन की योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में जाना। स्व सहायता समूह की महिलाओं ने कहा कि गांव के गौठान में उनके द्वारा विभिन्न आर्थिक गतिविधियां की जा रही हैं। गौठान में महिलाओं द्वारा सब्जी उत्पादन के साथ गाय चारा उत्पादन एवं वर्मी खाद भी बनाए जा रहे है। समूह की महिलाओं ने बताया कि गांव के गौठान में गोधन न्याय योजना से खरीदे गए गोबर से लगातार वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण किया जा रहा है। अभी तक लगभग 30 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण गौठान में किया जा चुका है। गौठान में उत्पादित लगभग 15 क्विंटल वर्मी खाद की बिक्री भी की जा चुकी है। शिविर में शासन की योजनाओं की प्रचार पुस्तिका जनमन, संबल एवं किसान गाईड का भी वितरण किया गया। प्रचार पुस्तिका को पढ़कर ग्रामीणों ने योजनाओं की पूर्ण रूप और सुलभ तरीके से जानकारी प्राप्त करने की बात कही। शिविर में छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वकांक्षी योजना नरवा, गरवा, घुरवा और बारी के क्रियान्वयन, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, आदर्श गौठान, बिजली बिल हाफ योजना, मनरेगा, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, राम वन गमन पथ, अल्पकालीन कृषि ऋण माफ, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग, पीडीएस, कृषि विभाग के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को छायाचित्र के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

Spread the word