February 27, 2026

बालक हुआ सर्पदंश का शिकार, परिजनों ने सांप को कर लिया कैद

न्यूज एक्शन। करतला क्षेत्र में एक बालक को विषैले सर्प ने काट लिया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बालक को काटने के बाद सांप बिल में जा घुसा। परिजनों ने बिल खोदकर सांप को बंधक बना लिया।
करतला थाना अंतर्गत ग्राम बिंझकोट निवासी 10 वर्षीय दिलेश्वर सिंह राठिया पिता ध्वजा सिंह राठिया को सांप ने काट लिया था। गुरूवार को इस परिवार में वैवाहिक कार्यक्रम था। विभिन्न क्षेत्रों से रिश्तेदार आये हुए थे। दोपहर में बारात का आगमन हुआ। स्वागत सत्कार की तैयारी में बड़े सदस्य सक्रिय थे। बच्चे कहां पर हैं और क्या कर रहे हैं, परिजन इससे बेखबर थे। बताया गया कि इसी दरम्यान दिलेश्वर मकान की उस दीवार पर चढ़ गया, जिसके एक तरफ बिल मौजूद था। वहां उसका पैर पडऩे के साथ सर्प ने काट दिया। बच्चे के चिल्लाने के बाद परिजन सक्रिय हुए। जानकारी होने पर उन्होंने तत्काल पीडि़त को करतला सीएचसी पहुंंचाया। एएसव्ही देने के साथ उसे प्राथमिक चिकित्सा दी गई। खास सुधार नहीं होने पर पीडि़त को यहां से जिला अस्पताल कोरबा रेफर कर दिया गया। इस समय तक सांप के जहर का असर काफी फैल चुका था। इन कारणों से यहां भी सुधार नहीं हो सका। जिला अस्पताल ने प्रभावित को अच्छे उपचार की मंशा से बगल के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। यहां भी बात नहीं बन सकी। अंतिम स्थिति में दिलेश्वर को ट्रामा सेंटर से डिस्चार्ज करने के साथ मंगलम विहार कोसाबाड़ी स्थित निजी हास्पिटल रेफर कर दिया गया। आखिरकार यहां पर बच्चे की सांसे थम गई। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word