October 5, 2024

पूर्व उप मुख्यमंत्री स्व.प्यारेलाल कंवर के पुत्र सहित तीन परिजनों की हत्या, एक आरोपी हिरासत में

संपत्ति विवाद को लेकर लगाई जा रही अटकले

कोरबा 21 अप्रेल। अखंड मध्यप्रदेश के दौरान उप मुख्यमंत्री रहे प्यारेलाल कंवर के पुत्र हरीश कंवर सहित तीन परिजनों की निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना की खबर आसपास में जल्द ही फैल गई। पुलिस ने कई स्तर पर जांच-पड़ताल करने के साथ इस मामले में एक आरोपी को अपनी जद में ले लिया है। सूत्रों के अनुसार कुछ और लोग इसमें शामिल रहे हैं। संभवतः संपत्ति विवाद को लेकर यह सब घटनाक्रम हुआ है।

जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर भैसमा गांव में यह दिल दहला देने वाली घटना आज सुबह हुई। यहां रामपुर क्षेत्र के पूर्व विधायक और मध्यप्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री रहे स्व.प्यारेलाल कंवर के परिजन निवासरत हैं। इलाके में परिवार की अपनी प्रतिष्ठा है। इसके अलावा पैतृक संपत्ति के मामले में भी परिवार काफी समृद्ध है। वर्षों से सब कुछ ठीक ठाक चलता आ रहा था। इस बीच आज सुबह यहां जो कुछ हुआ उस पर किसी को फ ौरी तौर पर यकीन ही नहीं हुआ कि इस परिवार के छोटे पुत्र हरीश कंवर, पत्नी सुमित्रा कंवर और पुत्री आशी की निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी गई। जिस अंदाज में इस कृत्य को अंजाम दिया गया, उसकी तस्वीरें देखने वालों का कलेजा मुंह को आ गया। यह तरीका अत्यंत भयावह और पाश्विक था। जिस समय घटना हुई मृतक के बड़े भाई व परिवार के अन्य लोग मार्निंग वॉक के लिए गए हुए थे। लौटने पर उन्हें इस बारे में जानकारी हुई। जितनी जल्द यह हुआ उससे आंकलन कर पाना मुश्किल हो रहा था कि आखिर इसके पीछे है कौन। जानकारी आम होने के साथ इलाके के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। कुछ ही देर में एसपी अभिषेक मीणा, एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर, सीएसपी योगेश साहू के साथ साइबर टीम, डॉग स्क्वायड और विभिन्न थाना के प्रभारी यहां पहुंचे। मौके का मुआयना करने के साथ कई एंगल से यहां का परीक्षण किया गया और अपराध के तौर-तरीके व इसमें संलिप्त अपराधियों तक पहुंचने के बारे में डेटाबेस तैयार किया गया। कई स्तर से भी पुलिस ने अपडेट हासिल किये। कुछ घंटों की मेहनत के बाद एक आरोपी तक पुलिस पहुंच गई। अपुष्ट जानकारी के अनुसार इस सिलसिले में एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है। उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस घटनाक्रम को अंजाम दिया। जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। इस बारे में फिलहाल पुलिस ने तथ्यों को स्पष्ट नहीं किया है लेकिन जो जानकारी छनकर सामने आई है उसके मुताबिक संपत्ति संबंधित विवाद को लेकर यह सब हुआ है।

पूर्व गृहमंत्री और मौजूदा रामपुर विधायक ननकीराम कंवर ने हत्या के तरीके को निर्मम और बर्बर बतायाः- उन्होंने कहा कि जिस तरह से हरीश कंवर के परिवार की हत्या की गई है उससे वह स्तब्ध है। हरीश से उनके पारिवारिक सम्बन्ध हैं ऐसे में उनके लिए यह घटना हैरान करने वाला है। लॉकडाउन के दौरान हुई इस ट्रिपल मर्डर पर उन्होंने पुलिस का बचाव करते हुए कहा कि यह घटना तड़के चार बजे की है। पूर्व गृहमंत्री को उम्मीद है कि पुलिस तेजी से जांच करते हुए हत्यारो को जल्द गिरफ्तारी करेगी।

Spread the word