February 28, 2026

कोरोना पाजिटीव : सामने आया कटघोरा का बिलासपुर कनेक्शन , न्यायधानी में भी हडकंप

बिलासपुर । कटघोरा में मिले कोरोना संक्रमित की ट्रेवल हिस्ट्री तालापारा में जुड़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ गई है। जानकारी मिलते ही अमला सक्रिय हो गया है। गुरुवार की देर रात पुलिस की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग ने कटघोरा के एक संक्रमित व्यक्ति के बेटी-दामाद व उनके चार किराएदारों के परिवार समेत 21 लोगों के सैंपल लिए हैं। सभी को होम आइसोलेट कर दिया गया है। इस इलाके को अब अतिसंवदेनशील माना जा रहा है।कटघोरा में अचानक से सात जमातियों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद प्रदेश सरकार सकते में आ गया है। इन सक्रमितों से जुड़े हर व्यक्ति की जानकारी जुटाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने इनकी ट्रेवल हिस्ट्री खंगाल ली है। इसमें से एक संक्रमित के बेटी-दामाद के भी कोरोना के चपेट में आने की आशंका से जिला प्रशासन की नींद उड़ गई है। गुरुवार की देर रात ट्रेवल हिस्ट्री मिलने के बाद पता चला कि तालापारा में उनके बेटी-दामाद रहते हैं। वे महज 20 से 25 दिन पहले कटघोरा गए थे। इसके बाद से परिवार यहां आराम से घूम रहा था। इसके चलते यह इलाका अतिसंवदेनशील हो गया है। लेकिन, जैसे ही यह सूचना आई प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग का अमला सक्रिय हो गया है। आनन-फानन में स्वास्थ्य विभाग की टीम तालापारा पहुंची। पुलिस के साथ टीम ने पति-पत्नी के साथ ही किराएदार चार परिवार के 21 सदस्यों को अतिसंवेदनशील माना है। यही वजह है कि उनके सैंपल लिए गए हैं। इसके साथ ही उन्हें होम आइसोलेट कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम के तालापारा पहुंचने के बाद आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है। वहीं, कोरोना पाजिटिव मिलने को लेकर तरह-तरह की अफवाहें भी उड़ रही हैं।कटघोरा का एक कोरोना संक्रमित कुछ समय पहले वह बिलासपुर आया था। इस दौरान वह यहां स्थानीय कई लोगों के संपर्क में रहा है। ट्रेवल हिस्ट्री मिलने के बाद ऐसे लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पतासाजी चल रही है कि वह बिलासपुर में किन लोगों के संपर्क में रहा है। कोरोना संक्रमित से मिलने वालों को भी खुद से सूचना देने की अपील भी की गई है।
तालापारा का यह इलाका अतिसंवेदनशील माना जा रहा है। इसके चलते यहां से जाने वालों पर पुलिस भी नजर रख रही है। पुलिस हर व्यक्ति को रोक-रोककर हिदायत दे रही है। पुलिस की टीम को देखकर मोहल्लेवासी भी दहशत में आ गए हैं और घरों से नहीं निकल रहे हैं।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word